रीवा। रीवा लोकायुक्त ने मंगलवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग, रीवा संभाग के प्रभारी मुख्य अभियंता कैलाश कुमार लच्छे को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ लिया है। लोकायुक्त ने इस दौरान उनके अशासकीय सहयोगी धर्मवीर भारती को भी पकड़ा है। रिश्वत के खिलाफ यह कार्रवाई शहर की सबसे व्हीआईपी कॉलोनी में की गई है। यहा के अटल पार्क के सामने स्थित अपने सरकारी आवास में आरोपी चीफ इंजीनियर रिश्वत ले रहे थें।
यह था मामला
शिकायतकर्ता सोनू सिंह टेस्टिंग लैब पीवीपी एलटीडी जिला सतना में मैनेजर के पद पर कार्यरत है, इसकी फ़र्म के द्वारा कंस्ट्रक्शन कार्य की गुणवत्ता का परीक्षण किया जाता हैं। इसकी फ़र्म को लोक निर्माण विभाग, संभाग रीवा में काम दिलाने के एवज में प्रभारी मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग संभाग रीवा कैलाश कुमार लच्छे द्वारा प्रति माह 01 लाख रूपये रिश्वत की माँग की जा रही थी।
सहयोगी के माध्यम से ले रहा था रूपए
शिकायतकर्ता द्वारा दिनांक 04 अगस्त को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत करने पर लोकायुक्त पुलिस रीवा के द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया। शिकायत सही पाए जाने पर आज दिनांक 11 अगस्त को पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के निर्देश पर उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। उक्त टीम के द्वारा आरोपी कैलाश कुमार लच्छे को उसके सहयोगी धर्मवीर भारती के साथ 50000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया गया हैं। पकड़े गए आरोपी अफसर एवं उसके सहयोगी के खिलाफ 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधन अधिनियम 2018 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।




