रीवा में सनसनीखेज घटना: प्रॉपर्टी कारोबारी की घर में गोली लगने से मौत, खुदकुशी की आशंका

Property dealer dies after being shot at home in Rewa

Property dealer dies after being shot at home in Rewa: रीवा शहर के राम निरंजन नगर में आज दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़े युवक अनुज दुबे की उनके ही घर के कमरे में गोली लगने से मौत हो गई। गोली सीधे उनकी कनपट्टी कान के पास में लगी थी। घटना की जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे अनुज दुबे अपने कमरे में अकेले थे। अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजन दौड़कर कमरे में पहुंचे। वहां अनुज खून से लथपथ फर्श पर गिरे मिले। परिजनों ने तुरंत उन्हें संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार की स्थिति और परिजनों का दावा

अनुज दुबे की कुछ ही दिन पहले शादी हुई थी। वे अपनी नवविवाहिता पत्नी, बहन और मां के साथ रहते थे। उनके पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। परिजनों ने प्रारंभिक जांच में आशंका जताई है कि यह घटना खुदकुशी हो सकती है। एक रिश्तेदार ने बताया कि घर में मौजूद बंदूक किसी अन्य व्यक्ति की थी, जो किसी कारणवश घर लाई गई थी।परिजनों का कहना है कि घर में किसी तरह का कोई बड़ा विवाद नहीं चल रहा था। परिवार सामान्य रूप से जीवन व्यतीत कर रहा था। फिर भी, गोली किसने चलाई और कैसे चली, यह अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

पुलिस जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही रीवा पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ मिलकर गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस कमरे से बरामद हथियार, गोलियों के खोल और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही यह साफ होगा कि मौत खुदकुशी थी, दुर्घटना थी या फिर किसी अन्य कारण से हुई। पुलिस ने बताया कि मामले की हर संभावना पर विचार किया जा रहा है और जल्द ही सच्चाई सामने आएगी। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *