रीवा। लोकायुक्त संगठन द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत रीवा संभाग में एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश पर और पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त पुलिस ने जाल बिछाकर हल्का खजूहा कला के पटवारी मनोज पांडे को ₹5,000 की घूस लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी पटवारी शिकायतकर्ता से कुल ₹15,000 की रिश्वत मांग रहा था, जिसमें से ₹10,000 वह पहले ही डकार चुका था।
सीमांकन के एवज में मांगी थी ₹15,000 की घूस
पूरा मामला रीवा जिले की गुढ़ तहसील के ग्राम खजुआ कला का है। शिकायतकर्ता कमलेश पटेल पिता श्री राम जियावन पटेल ने दिनांक 13 मई 2026 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके पिता के नाम पर ग्राम खजुआ कला में पैतृक भूमि स्थित है। इसी गांव के निवासी रामाधार पटेल एवं अन्य लोगों ने तहसील कार्यालय गुढ़ में अपनी भूमि के सीमांकन कार्य के लिए आवेदन लगाया था। चूंकि इस सीमांकन के दायरे में शिकायतकर्ता के पिता की सरहदी भूमि भी आ रही थी, इसलिए भूमि की वास्तविक सीमा को बरकरार रखने और रिकॉर्ड में हेरफेर न करने के एवज में हल्का पटवारी मनोज पांडे 52 वर्ष द्वारा ₹15,000 की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
सत्यापन के दौरान ले चुका था ₹10,000, आखिरी किस्त लेते धराया
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त संभाग रीवा के पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले का गोपनीय सत्यापन कराया गया। शिकायत सत्यापन के दौरान यह बात प्रमाणित हुई कि आरोपी पटवारी मनोज पांडे ने ₹10,000 की राशि रिश्वत के रूप में पहले ही ले ली थी और शेष ₹5,000 की आखिरी किस्त के लिए लगातार दबाव बना रहा था। रिश्वत की पुष्टि होते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तुरंत एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। शनिवार, 16 मई 2026 को जैसे ही शिकायतकर्ता कमलेश पटेल ने आरोपी पटवारी को राजीव मार्ग, निराला नगर डभौरा हाउस के सामने ₹5,000 की रिश्वती राशि थमाई, वैसे ही मुस्तैद लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। केमिकल से हाथ धुलवाते ही पटवारी की उंगलियां गुलाबी हो गईं।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी पटवारी मनोज पांडे(निवासी- वार्ड नंबर 9, राजीव मार्ग 5, निराला नगर, रीवा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है। इस सफल ट्रैप कार्रवाई को ट्रैपकर्ता अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। ट्रैप दल में निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया, स्वतंत्र शासकीय गवाह सहित 12 सदस्यीय टीम शामिल रही, जिनके द्वारा मौके पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त की आमजन से अपील: रिश्वतखोरों की यहां करें शिकायत
लोकायुक्त संगठन ने इस सफल कार्रवाई के बाद आम नागरिकों से एक बार फिर अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी जायज काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसके दबाव में न आएं। सजग नागरिक इस तरह के भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराने के लिए लोकायुक्त रीवा के मोबाइल नंबर 9893607619 एवं दूरभाष नंबर 07662-256569 पर सीधे संपर्क कर सकते हैं, ताकि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।




