सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से वन विभाग के एक जिम्मेदार अधिकारी का सरेराह तमाशा करने का मामला सामने आया है। चितरंगी में पदस्थ डिप्टी रेंजर बीबी सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक सार्वजनिक स्थान पर जमकर हंगामा करते नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने अधिकारी के नशे में धुत होने का आरोप लगाते हुए वन विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
मुख्य चौराहे पर ठेले पर चढ़कर की अभद्रता
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे चितरंगी के मुख्य चौराहे की है। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि डिप्टी रेंजर बीबी सिंह अचानक चौराहे पर स्थित एक ठेले पर चढ़ गए और वहां खड़े लोगों के साथ बिना किसी बात के बहस करने लगे। इस दौरान उन्होंने आम जनता के लिए बेहद अभद्र और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। वीडियो में उनकी चाल-ढाल और बातचीत का तरीका पूरी तरह असामान्य दिखाई दे रहा है, जिससे उनके अत्यधिक नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, विभाग की किरकिरी
चौराहे पर तमाशा देख रहे किसी राहगीर ने इस पूरी घटना का अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया। कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से तैरने लगा और इलाके में चर्चा का मुख्य विषय बन गया। हालांकि, वन विभाग या किसी प्रशासनिक टीम ने अभी तक इस वीडियो की सत्यता या उस वक्त की परिस्थितियों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन सरेबाजार हुई इस हरकत से विभाग की जमकर किरकिरी हो रही है।
डीएफओ ने दिए सख्त जांच के निर्देश
इस संवेदनशील मामले को लेकर जब सिंगरौली वन मंडल के डीएफओ (दिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर) अखिल बंसल से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें इस घटना की सीधी जानकारी नहीं थी। लेकिन मामला संज्ञान में आते ही उन्होंने इसे गंभीरता से लिया है। डीएफओ ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कराई जा रही है। यदि जांच में वीडियो के तथ्य सही पाए जाते हैं और डिप्टी रेंजर दोषी मिलते हैं, तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।




