पन्ना/सतना। पन्ना जिले का प्रसिद्ध और खूबसूरत पर्यटन स्थल ‘बृहस्पति कुंड’ एक बार फिर बड़े हादसे का गवाह बना है। यहाँ सतना से अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आया नर्सिंग का एक छात्र गहरे पानी में नहाने के दौरान अचानक लापता हो गया। लापता छात्र की पहचान 25 वर्षीय कुनाल ठाकुर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला था, जो वर्तमान में सतना में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था। इस हादसे के बाद से ही कुंड के आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
प्रतिबंधित और खतरनाक क्षेत्र में गया था दोस्तों का ग्रुप
मिली जानकारी के मुताबिक, सतना और रीवा में रहकर पढ़ाई करने वाले 4 से 5 छात्रों का एक ग्रुप मंगलवार को बृहस्पति कुंड घूमने निकला था। मनोरम वादियों का लुत्फ उठाते-उठाते यह ग्रुप बरौंदा थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले एक ऐसे क्षेत्र में प्रवेश कर गया, जिसे प्रशासन द्वारा बेहद खतरनाक मानकर पूरी तरह प्रतिबंधित (बैन) किया गया है। खतरे से अनजान छात्र कुंड के गहरे पानी में नहाने उतर गए। इसी दौरान कुनाल ठाकुर गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते दोस्तों की आंखों के सामने से ओझल हो गया।
पुलिस प्रशासन मौके पर, SDRF ने संभाला मोर्चा
कुनाल को डूबता देख उसके साथियों ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। हादसे की खबर मिलते ही बृजपुर और बरौंदा थाना पुलिस की टीमें तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुँचीन। घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति और पानी की गहराई को देखते हुए तुरंत राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। वर्तमान में स्थानीय कुशल गोताखोरों और SDRF की टीम द्वारा कुंड के गहरे और पत्थरों के बीच वाले हिस्सों में छात्र की तलाश के लिए एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक छात्र का सुराग नहीं लग पाया था।




