MP Today Weather: दो चक्रवाती सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से मध्यप्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 22 जिलों में बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। दिन के समय गर्मी तो रात में हल्की सर्दी का यह दोहरा अनुभव अब तीसरी बार फरवरी में प्रदेश को बारिश से भीगने की ओर ले जा रहा है।
MP Today Weather: मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। पश्चिमी विक्षोभ और दो सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से बुधवार (18 फरवरी) को प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने 22 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि कई अन्य जिलों में बादल छाए रहेंगे। रतलाम में मंगलवार रात हुई बारिश ने इस बदलाव की शुरुआत कर दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह सिस्टम न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी लाएगा, जिससे रात की ठंड अब धीरे-धीरे कम होगी।
प्रभावित जिले और बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार को इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच, शाजापुर, राजगढ़, आगर-मालवा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना है। वहीं भोपाल, देवास, खरगोन, बड़वानी, सीहोर, विदिशा, सागर, दमोह, पन्ना और सतना सहित अन्य कई जिलों में मुख्य रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
गुरुवार को भी रहेगा असर, फिर सामान्य होगा मौसम
गुरुवार को ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों (ग्वालियर, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर) में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद सिस्टम कमजोर पड़ जाएगा और मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगा।
फरवरी में तीसरी बार बारिश का दौर
इस महीने फरवरी की शुरुआत में दो बार ओले, बारिश और तेज हवाओं ने फसलों को नुकसान पहुंचाया था। प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे भी चल रहा है। अब 18 फरवरी से तीसरी बार बारिश का सिलसिला शुरू हो रहा है, जिससे किसानों में चिंता फिर बढ़ सकती है।
दिन गर्म, रात में हल्की सर्दी
फिलहाल दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है और मंगलवार को 20 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री या उससे ज्यादा दर्ज किया गया। रात में अभी हल्की सर्दी बनी हुई है, हालांकि न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है। सबसे कम न्यूनतम तापमान करौंदी (कटनी) में 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि अन्य ठंडे स्थानों में शहडोल (कल्याणपुर) में 8.1 डिग्री, पचमढ़ी में 8.8 डिग्री और रीवा में 9.6 डिग्री तापमान रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 14 डिग्री, इंदौर में 16.8 डिग्री, ग्वालियर में 13 डिग्री, उज्जैन में 16.2 डिग्री और जबलपुर में 13.1 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
