एमपी सरकार मुंबई की एडवर्ड विला से अपना खजाना करेगी मजबूत, मॉनेटाइजेशन की तैयारी, सैकड़ों करोड़ में है कीमत

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने अब खजाना भरने अन्य राज्यों में स्थित संपत्तियों के मॉनेटाइजेशन की तैयारी कर ली है। इस कड़ी में मुंबई के कोलाबा पॉश इलाके में स्थित मध्य प्रदेश सरकार की ऐतिहासिक संपत्ति एडवर्ड विला के मॉनेटाइजेशन की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। यह मुंबई के कैप्टन प्रकाश पेठे मार्ग और नौसेना छावनी क्षेत्र के पास स्थित है। इस ऐतिहासिक इमारत का उपयोग वर्तमान में मध्य प्रदेश सरकार के एक विशेष अतिथि गृह के रूप में किया जा रहा है।

राजस्व जुटाने की योजना

सरकार इस संपत्ति का व्यावसायिक इस्तेमाल करने, इसे बेचने या इसकी लीज (पट्टे) के बचे हुए अधिकारों को हस्तांतरित करने की तैयारी में है। इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए मध्य प्रदेश सरकार द्वारा ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिसमें हाल ही में कई कंपनियों ने रुचि दिखाई है। मुंबई के महंगे और पॉश इलाके में स्थित होने के कारण इस हेरिटेज प्रॉपर्टी का संभावित मूल्य सैकड़ों करोड़ रुपये आंका गया है।

1909 में बना था एडवर्ड विला भवन

एडवर्ड विला का भवन 1909 में बना था। बाद में इसे हेरिटेज भवन के रूप में वर्गीकृत किया गया है। इसमें पत्थर और ईंट की चिनाई से बनी मोटी दीवारें हैं जिन पर दोनों तरफ प्लास्टर किया गया है, और आंतरिक ईंट की विभाजन दीवारें हैं। फर्श में लकड़ी के बीम, तख्ते और कोबा के साथ सीमेंट पॉलिश किए हुए शाहबाद टाइल लगे हैं। भवन में भूतल के अलावा दो ऊपरी मंजिलें हैं जो सीढ़ी द्वारा मुख्य भवन से जुड़ी हुई हैं। प्रत्येक मंजिल पर दो फ्लैट हैं और पास वाले ढांचे में नौकरों के कमरे हैं। कुल निर्मित क्षेत्रफल 1.246.07 वर्ग मी. है (भूतल 611.90, प्रथम मंजिल 551.89 और दूसरी 82.28 वर्ग मीटर)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *