MP Bus Fare Hike: प्रदेश में बस यात्रा हुई महंगी, सरकार ने बढ़ाया किराया, 100 किमी सफर पर अब देना होगा ज्यादा भुगतान

MP Bus Fare Hike: मध्य प्रदेश में बस यात्रियों को अब सफर के लिए पहले से अधिक किराया चुकाना होगा। राज्य के परिवहन विभाग (Transport Department) ने बस किराए में बढ़ोतरी करते हुए सामान्य बसों का अधिकतम किराया 2 रुपये प्रति यात्री प्रति किलोमीटर निर्धारित किया है, जबकि न्यूनतम किराया 10 रुपये तय किया गया है। नई दरें लागू होने के बाद प्रदेशभर में बस यात्रा महंगी हो जाएगी और इसका सीधा असर यात्रियों की जेब पर पड़ेगा।

MP Bus Fare Hike: मध्य प्रदेश में बस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अब यात्रा पहले की तुलना में महंगी हो गई है। राज्य सरकार के परिवहन विभाग (Transport Department) ने बसों के अधिकतम यात्री किराए में संशोधन करते हुए नया राजपत्र (Gazette Notification) जारी किया है। नई व्यवस्था के तहत सामान्य बसों का अधिकतम किराया 2 रुपये प्रति यात्री प्रति किलोमीटर निर्धारित किया गया है, जबकि न्यूनतम किराया 10 रुपये रहेगा। इससे पहले अधिकतम किराया 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर था।

100 किलोमीटर की यात्रा पर देना होगा अधिक किराया

नई दरें लागू होने के बाद यात्रियों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा। उदाहरण के तौर पर, यदि कोई यात्री 100 किलोमीटर की यात्रा करता है तो पहले उसे अधिकतम 125 रुपये तक किराया देना पड़ता था, लेकिन अब यही राशि बढ़कर 200 रुपये तक पहुंच सकती है। यानी प्रति किलोमीटर 75 पैसे की बढ़ोतरी की गई है।

अलग-अलग श्रेणियों की बसों के लिए तय हुई नई दरें

परिवहन विभाग की अधिसूचना के अनुसार सामान्य बसों के अलावा अन्य श्रेणियों के लिए भी अलग-अलग किराया तय किया गया है। रात्रिकालीन सामान्य बस सेवा (Night Bus Service) में सामान्य किराए से 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लिया जा सकेगा। वहीं डीलक्स (नॉन एसी) बसों में 25 प्रतिशत, स्लीपर बसों में 40 प्रतिशत, डीलक्स एसी बसों में 50 प्रतिशत और सुपर लग्जरी एसी कोच में 75 प्रतिशत तक अधिक किराया वसूला जा सकेगा। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि डीलक्स, स्लीपर और लग्जरी श्रेणी की बसों पर अलग से नाइट चार्ज (Night Charge) लागू नहीं होगा। इसके अलावा एक्सप्रेस बस सेवा (Express Bus) पर भी अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।

बस ऑपरेटरों की चेतावनी के बाद लिया गया फैसला

बस किराया बढ़ाने का निर्णय मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन (Bus Owners Association) द्वारा हड़ताल की चेतावनी दिए जाने के बाद लिया गया। हाल ही में परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह और विभागीय अधिकारियों के साथ एसोसिएशन की बैठक हुई थी, जिसमें किराया संशोधन पर सहमति बनी। इसके बाद सरकार ने नया नोटिफिकेशन जारी कर दिया।

पांच साल बाद बढ़ा किराया, बाकी मांगों पर अब भी अड़े बस संचालक

बस संचालकों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों से किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई थी, जबकि इस दौरान डीजल की कीमत, रखरखाव और संचालन लागत (Operating Cost) लगातार बढ़ी है। संगठन ने सरकार के सामने कुल पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। उनका कहना है कि यदि शेष मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो 7 अगस्त की रात 12 बजे से प्रदेशभर में निजी बसों का संचालन बंद किया जा सकता है।

निजी बसों के लिए नए रूट की भी मांग

एसोसिएशन ने सरकार से उन 40 मार्गों पर भी निजी बसों को परमिट देने की मांग की है, जहां फिलहाल केवल मुख्यमंत्री सुगम बस परिवहन सेवा (Chief Minister Sugam Bus Transport Service) को संचालन की अनुमति है। बस संचालकों का कहना है कि यदि इन रूटों पर निजी ऑपरेटरों को भी अनुमति नहीं मिली तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *