The Bolero of devotees who had gone to visit Ramlala from Mauganj collided with a tractor-trolley: अयोध्या/मऊगंज। रामलला के दर्शन के लिए मध्य प्रदेश के मऊगंज से गए पटेल परिवार के श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो कैम्पर शुक्रवार तड़के अयोध्या से मात्र 10 किलोमीटर पहले भयानक सड़क हादसे का शिकार हो गई। NH-28 पर कल्याण भदरसा गांव के पास सड़क किनारे बिना लाइट-रिफ्लेक्टर के खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बोलेरो की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतकों में बोलेरो चालक राम यश मिश्रा निवासी जोगिनिहाई रीवा, अंकिता पटेल और मीरा बाई पटेल दोनों निवासी बेलहाई, मऊगंज शामिल हैं।

गंभीर घायलों में चित्रसेन पटेल, दीपक पटेल, आशीष पटेल, तनुजा पटेल, चंद्रकाली पटेल, कुसुमवती पटेल, शशी पटेल और 5 वर्षीय बच्चा शिवांश पटेल शामिल हैं। सभी घायल बेलहाई मऊगंज के निवासी हैं। चार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह हल्का कोहरा था और ट्रैक्टर-ट्रॉली में कोई चेतावनी लाइट या रिफ्लेक्टर नहीं लगा था। तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो का चालक अचानक सामने खड़ी ट्रॉली नहीं देख पाया और जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की सूचना मिलते ही अयोध्या में मौजूद मऊगंज के समाजसेवी रासबिहारी पांडे तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। अयोध्या पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पूरा बेलहाई गांव शोक में डूब गया है। रामलला के दर्शन की खुशी में निकला परिवार अचानक मातम में बदल गया।
अधिक जानने के लिए आज ही शब्द साँची के सोशल मीडिया पेज को फॉलो करें और अपडेटेड रहे।
- Facebook: shabdsanchi
- Instagram: shabdsanchiofficial
- YouTube: @ShabdSanchi
- Twitter: shabdsanchi
