Magic was hit hard by a speeding truck in Rewa: रीवा जिले के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलपरा रिंग रोड चौराहे पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें बालू से लदा तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने सवारी से भरे मैजिक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक सड़क पर पलट गया और उसमें सवार लगभग आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रीवा पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह चौराहा गोविंदगढ़, इलाहाबाद और रीवा शहर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों का मिलन स्थल है, जहां वर्तमान में ओवर ब्रिज और सड़क विस्तार का निर्माण कार्य चल रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण यहां कोई सांकेतिक बोर्ड, डायवर्जन या सुरक्षा बैरिकेडिंग नहीं की गई है, साथ ही सड़क पर पानी का छिड़काव न होने से धूल के गुब्बारे उड़ते रहते हैं, जिससे वाहन चालकों की दृष्टि प्रभावित हो रही है और हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। इस लापरवाही से इलाके में भारी आक्रोश है और लोग निर्माण एजेंसी व प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
