दुबई। दुबई दौरे पर गए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तीसरे दिन कई कार्यक्रमों हिस्सा लिया। इसमें निवेश, औद्योगिक साझेदारी, शहरी विकास, हरित ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, शिक्षा और तकनीक से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने कई निवेशकों से वन टू वन बैठकें की और मध्य प्रदेश में निवेश की सम्भावनाओ पर चर्चा की और कहा मध्य प्रदेश में आप सभी का स्वागत है।
राणा होल्डिंग्स ने दिए 35,200 करोड़ के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राणा होल्डिंग्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. दर्शन सिंह राणा के साथ बैठक की। इसमें मध्य प्रदेश में अलग-अलग सेक्टर में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। बैठक में ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा, डेटा सेंटर, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, ई-मोबिलिटी और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को लेकर बातचीत हुई।
राणा होल्डिंग्स ने मध्य प्रदेश में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है। कंपनी की ओर से 2,000 मेगावॉट सौर ऊर्जा पोर्टफोलियो, 200 मेगावॉट ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट, 50 मेगावॉट AI एवं कंप्यूट डेटा सेंटर और 30,000 एमटीपीए क्षमता के क्रिटिकल मिनरल्स रिकवरी एवं रीसाइक्लिंग कॉम्प्लेक्स की संभावनाएं बताई गई हैं। इसके साथ ही स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग हब में भी निवेश किया जा सकता है।
AI फैक्ट्री में 18 हजार करोड़ के निवेश की संभावना
मध्य प्रदेश में AI के क्षेत्र में भी बड़े निवेश की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने एनआईडीआई सर्विसेज डीएमसीसी-एससीएनईएलएलसी के निवेशकों के साथ औद्योगिक स्तर के AI कंप्यूट कैंपस और सॉवरेन AI फैक्ट्री परियोजना को लेकर चर्चा की।
बैठक में 50 मेगावॉट क्षमता वाली AI फैक्ट्री परियोजना का कॉन्सेप्ट प्रस्तुत किया गया। इसमें करीब 1.5 से 2 बिलियन डॉलर यानी लगभग 18 हजार करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है। भविष्य में इसकी क्षमता को 100 मेगावॉट से अधिक तक बढ़ाया जा सकता है।
वहीं, जेम्स एजुकेशन के चेयरमैन सनी वर्की के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के K-12 स्कूल, शिक्षक प्रशिक्षण, एडटेक और आधुनिक शिक्षा परिसरों की स्थापना को लेकर भी चर्चा हुई।
स्वास्थ्य, लॉजिस्टिक्स और पर्यटन में निवेश पर बातचीत
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश को लेकर प्योर हेल्थ के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल, डिजिटल हेल्थ, टेलीमेडिसिन और मेडिकल-नर्सिंग शिक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर चर्चा हुई।
शराफ ग्रुप के साथ मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउसिंग, कोल्ड चेन, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर बात हुई। वहीं, डीपी वर्ल्ड के CEO रिजवान सूमार के साथ पवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स कॉम्पोजिट हब, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स और निर्यात को बढ़ावा देने को लेकर चर्चा की गई।
केजीके ग्रुप के साथ डायमंड प्रोसेसिंग, जेम्स एंड ज्वेलरी और एक्सपोर्ट आधारित इकाइयों को लेकर संभावनाएं तलाशी गईं। विस्टास मीडिया कैपिटल के साथ फिल्म, एनीमेशन, VFX, गेमिंग और डिजिटल कंटेंट हब पर बातचीत हुई।
इसके अलावा वीएफएस ग्लोबल के साथ भोपाल और इंदौर में वीजा सेवाओं के विस्तार और पर्यटन-हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में स्किल डेवलपमेंट को लेकर चर्चा हुई।
शारजाह चैंबर के साथ व्यापार और निवेश पर चर्चा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस से मुलाकात की। इस दौरान मध्य प्रदेश और शारजाह के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने पर चर्चा हुई।
दोनों पक्षों ने तकनीक, SME, लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, पर्यटन और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे सेक्टर में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर बात की। मुख्यमंत्री ने शारजाह के निवेशकों को GIS-2027 में शामिल होने का न्योता भी दिया।
MPIDC को मिला ‘विनर एशिया’ सम्मान
AIM कांग्रेस-2026 में मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) को AIM Investment Awards-2026 में ‘विनर एशिया’ सम्मान मिला। यह अवॉर्ड निवेश बढ़ाने, FDI आकर्षित करने, रोजगार के अवसर पैदा करने, इनोवेशन और सतत विकास के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए दिया गया। यह सम्मान UAE के विदेश व्यापार मंत्री और AIM कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयौदी ने प्रदान किया।




