Rajasthan Sex Racket : शादी के नाम पर नाबालिग लड़कियों को राजस्थान में बेच देता था गिरोह, डेढ़ लाख में होता था सौदा 

Lucknow Rajasthan Sex Racket : उत्तर प्रदेश की लखनऊ पुलिस ने एक बहुत ही गंभीर मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने खुलासा किया है कि एक गिरोह 12 से 16 साल की लड़कियों का सौदा कर रहा था। यह गिरोह लड़कियों को शादी के नाम पर राजस्थान में बेच देता था। पुलिस ने इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन वयस्क हैं और एक नाबालिग है। 

लखनऊ पुलिस ने राजस्थान के गिरोह का भंडाफोड़ किया 

उत्तर प्रदेश की लखनऊ पुलिस ने राजस्थान के जिस गिरोह का पर्दाफाश किया है। ये गिरोह नाबालिग लड़कियों को शादी का झांसा देकर राजस्थान में बेंचता था। गिरोह का मुख्य मकसद गरीब और बेसहारा लड़कियों को निशाना बनाना था। पुलिस के अनुसार, जो भी परिवार आर्थिक रूप से कमजोर या माता-पिता के बिना रहते थे, उन्हें ये गिरोह अपना शिकार बनाता था। लड़कियों की तस्वीरें राजस्थान में अपने साथियों को भेजी जाती थीं, जहां पैसे के बदले उनकी शादी कराई जाती थी। 

कैसे हुआ खुलासा?

पुलिस ने बताया कि लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके से 16 और 12 साल की दो नाबालिग लड़कियों के लापता होने के मामले की जांच के दौरान यह गिरफ्तारी हुई। लड़कियों को बहला-फुसलाकर अलग किया गया था। पीड़ित लड़कियों की दादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटियों को लड़कियों के रिश्तेदारों ने बहला-फुसलाकर ले जाया था। 

शादी के लिए लड़कियों को कोटा ले जाया गया 

पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच की, जिसके बाद दोनों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। जांच में पता चला कि लड़कियों को शादी के लिए राजस्थान के कोटा ले जाया गया था। आरोपियों ने बताया कि 2020 में रायबरेली में एक शादी समारोह के दौरान वे सोनम नाम की महिला से मिले थे। सोनम ने उन्हें बताया कि गरीब लड़कियों की शादी राजस्थान में कराई जा सकती है, और इसके बदले उन्हें पैसे मिलेंगे। 

गिरोह के सदस्य लड़कियों से करते थे दोस्ती 

गिरोह के सदस्य इन लड़कियों से दोस्ती करते थे और उन्हें घूमाने या नए कपड़े दिलाने का लालच देते थे। फिर उन्हें रायबरेली लाया जाता था, जहां उन्हें नए कपड़े दिए जाते थे। इन लड़कियों की तस्वीरें व्हाट्सएप के जरिए राजस्थान के जुड़वां जोड़े को भेजी जाती थीं। फिर वहां से पैसे लेकर लड़कियों का सौदा किया जाता था। हर लड़की के बदले करीब एक से डेढ़ लाख रुपये मिलते थे। 

इस गिरोह ने पहले भी रायबरेली की दो बहनों को शादी के लिए भेजा था। इस बार भी नाबालिग लड़कियों को एक नाबालिग रिश्तेदार की मदद से ले जाया गया था। पुलिस ने दोनों लड़कियों को सुरक्षित बचा लिया है और अपराध में शामिल गाड़ियों को भी बरामद कर लिया है। आगे की जांच जारी है और राजस्थान के साथियों की भी तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़े : Mamta Banerjee TMC Crisis : ममता बनर्जी की पार्टी टूटी, TMC के बागी 60 विधायकों ने स्पीकर को सौंपा पत्र, ऋतब्रत बनर्जी बने विपक्ष के नेता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *