Ketan Agrawal Murder : चैट्स में प्यार… और पुलिस से बोली- शादी नहीं करना चाहती थी, हिरासत में मंगेतर सिया सुना रही नई कहानियां!

Ketan murder

Ketan Agrawal Murder : महाराष्ट्र के पुणे में केतन अग्रवाल हत्याकांड में नए-नए खुलासे हो रहे हैं। केतन हत्याकांड में आरोपी मंगेतर सिया गोयल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है। पूछताछ में सिया ने नई कहानियां बताई हैं, जो चैट्स से मैच नहीं कर रही हैं। बता दें कि पुलिस ने दावा किया है कि सिया ने जो पूछताछ में बताया है वह केतन और उसकी चैट्स से मैच नहीं कर रही हैं। उधर, सिया के माता-पिता ने पुलिस से कहा है कि अगर उनकी बेटी गुनहगार है तो उसे भी किले से नीचे फेंक दिया जाए।

सिया ने पुलिस को सुनाई नई कहानियां

लोनावाला पुलिस का कहना है कि सिया बार-बार केतन हत्याकांड की पूछताछ में अलग-अलग स्टेटमेंट दे रही है। सिया ने अब बताया है कि उसने केतन अग्रवाल से कहा था कि वह उससे शादी नहीं करना चाहती थी। उसने यह भी दावा किया कि केतन उससे कहता था कि बहुत देर हो चुकी है, वह पहले ही बहुत आगे बढ़ चुका है और अब कुछ नहीं हो सकता। इसलिए केतन से पीछ छुड़ाने के लिए उसे धक्का दे दिया।

चैट्स में सिया केतन से प्यार-भरी बातें करती थी

वहीं, पुलिस के पास केतन और सिया के मोबाइल फोन हैं, जिसमें दोनों के चैट्स भी हैं। इन चैट्स में दोनों एक सामान्य कपल की तरह प्यारे-प्रेमी बातें कर रहे हैं, जैसे कि शादी से पहले का माहौल होता है। चैट्स की बातें पुलिस की थ्योरी के खिलाफ जा रही हैं। इसलिए पुलिस अब सिया की बातों पर यकीन नहीं कर रही है।

पुलिस की टीम अब हर एंगल से इस मामले की जांच कर रही है। सिया और चेतन चौधरी को 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, और इस दौरान क्राइम सीन को भी फिर से रीक्रीएट किया जाएगा। उससे जुड़ी अहम जानकारी और खुलासे हो रहे हैं।

सिया के पिता ने कहा- उसे भी किले से नीचे फेंक दो

इस मामले में आरोपी सिया के पिता प्रवीण गोयल ने केतन की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी बेटी दोषी पाई जाती है, तो उसे भी वैसे ही सजा मिलनी चाहिए जैसे केतन को दी गई, और कहा कि उसे भी वहीं से धकेल दिया जाना चाहिए।

सिया केतन के साथ ट्रेकिंग पर नहीं जाना चाहती थी

वहीं, सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि सिया केतन के साथ ट्रेकिंग पर जाना नहीं चाहती थी। उन्होंने बताया कि लोहेगढ़ ट्रेक पर जाने से पहले की वीडियो कॉल में उन्होंने देखा कि सिया ने कहा था कि वह ट्रेकिंग नहीं करना चाहती, क्योंकि अगले दिन फंक्शन भी था और आराम करना चाहती थी। सिया की मां पूजा गोयल ने आगे बताया कि उनकी बेटी ने भी इस बात को अपनी चैटिंग में लिखा है। उस वक्त केतन ने कहा था कि वे लोग ट्रेक पर जाएंगे और सिया टेंशन न ले। पूजा ने केतन की मौत पर भी गहरा दुख जताया और कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां से केतन को गिराया गया, वहीं से दोषी को भी गिराया जाना चाहिए। एक मां के तौर पर पूजा गोयल ने कहा कि उनके परिवार को सिया और केतन की शादी को लेकर बहुत उम्मीदें थीं। दोनों परिवारों के बीच अच्छा संबंध था और सब कुछ अच्छे से चल रहा था। अगर सिया को कोई समस्या थी, तो उसे परिवार को बताना चाहिए था। सिया की मां ने बताया कि उनकी बेटी शराब नहीं पीती थी। अगर केतन के परिवार को ऐसा लगता था कि वह पीती है, तो उन्हें इस बात को परिवार से या किसी से बात करनी चाहिए थी।

18 जून को हुई थी केतन की हत्या

गौरतलब है कि 18 जून को पुणे के केतन अग्रवाल को उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर लोहगढ़ किले की करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया था। शुरुआत में इसे एक ट्रेकिंग हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज के जरिए इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ। सभी खुलासों के बीच, पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। अभी तक की पूछताछ और सबूतों के आधार पर मामले की सच्चाई सामने आएगी, और दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।

यह भी पढ़े : Mohan Yadav Land Deal : एमपी में मोहन यादव को आए अखिलेश यादव! लैंड विवाद में कहा- ‘भाजपा इन्हें सीएम पद से हटाना चाहती है’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *