मैहर में शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़, पहले दिन 1.27 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Huge crowd of devotees in Maihar on the second day of Shardiya Navratri.

शारदीय नवरात्र मेले के दूसरे दिन सोमवार को मैहर के त्रिकूट पर्वत पर स्थित मां शारदा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तड़के 3 बजे मंदिर के पट खुलते ही पूरा परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद सुबह 4 बजे प्रधान पुजारी पवन दाऊ महाराज ने मां शारदा की भव्य आरती की।

नवरात्र के दूसरे दिन भक्तों ने मां ब्रह्मचारिणी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर के गर्भगृह को पुणे से मंगाए गए विशेष फूलों से बेहद सुंदर ढंग से सजाया गया है। मेले के पहले दिन ही 1.27 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने मां शारदा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

नवरात्र के पावन अवसर पर देश के कोने-कोने से भक्त मैहर पहुँच रहे हैं। सोमवार को सुबह से ही मंदिर प्रांगण में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। भारी भीड़ को देखते हुए मैहर रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों का तांता लगा रहा। ट्रेन से उतरकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सीधे मां शारदा धाम के लिए रवाना हुए। यात्रियों की सहायता के लिए रेलवे स्टेशन पर विशेष सहायता केंद्र भी बनाए गए हैं, जहाँ श्रद्धालुओं को जरूरी जानकारी और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधान पुजारी ने बताया कि इन नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की आराधना की जाती है, जिसमें पहले दिन मां शैलपुत्री और दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा संपन्न हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *