छतरपुर रेलवे स्टेशन पर एक महिला के साथ इलाज का झांसा देकर बलात्कार करने वाले आरोपी को रीवा जीआरपी पुलिस ने चार महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 10 जून की है, जब छतरपुर रेलवे स्टेशन पर एक बीमार महिला बैठी हुई थी। आरोपी ने महिला को अक्सर बीमार रहने का फायदा उठाकर अच्छे इलाज का झांसा दिया और उसे रेलवे स्टेशन के खजुराहो एंड पर बने एक खंडहर मकान में ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पीड़ित महिला ने इस मामले की शिकायत छतरपुर सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई थी, जिसके बाद शून्य पर मामला दर्ज कर डायरी जीआरपी थाना रीवा पहुँची। पुलिस ने लगातार आरोपी की तलाश की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से उसकी पहचान की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी छतरपुर के फुहारा चौक बस स्टैंड के पास बैठा हुआ है। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना निवास इत्मा (थाना लौकुश नगर, जिला छतरपुर) बताया है, हालांकि उसका कोई निश्चित स्थायी पता नहीं है।




