मध्यप्रदेश में बनेगे 2 हजार 548 करोड़ रुपये के आवास, इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड फोर-लेन सड़क को हरी-झंडी

इंदौर। मध्यप्रदेश के लिए 20 जून का दिन बेहद खास रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवसन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 2 हजार 548 करोड़ रुपये से अधिक के आवासों का भूमि-पूजन किया। इस भूमि-पूजन से 42 हजार से ज्यादा हितग्राहियों को लाभ होगा। उन्होंने 992 करोड़ रुपये से निर्मित 38 हजार आवासों का गृह-प्रवेश भी कराया। इसके साथ ही, उन्होंने 446 करोड़ की लागत से 116 परियोजनाओं का लोकार्पण और 310.82 करोड़ की कुल 37 परियोजनाओं का भूमि-पूजन भी किया। इसके अलावा सीएम डॉ. मोहन और केंद्रीय मंत्री खट्टर ने 2 हजार 935 करोड़ रुपये लागत से बनने वाली 48.10 किलोमीटर लंबी इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड फोर-लेन परियोजना का भी भूमि-पूजन भूजन किया। इससे इंदौर के 20, उज्जैन के 8 और आसपास के 40-50 गांव लाभान्वित होंगे। लोगों का घंटों का सफर अब मिनटों में पूरा होगा।

आर्थिक समृद्धि का अहम मार्ग बनेगी

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है इंदौर, उज्जैन और सांवेर को आज 5657 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिली है। यह प्रदेश की जनता के लिए ऐतिहासिक क्षण हैं। इंदौर के पितेृश्वर महादेव से बाबा महाकल तक आने के लिए सीधी सड़क का भूमि-पूजन हुआ है। यह परियोजना पीथमपुर को निमाड़ क्षेत्र में आगे दिल्ली-मुंबई इकोनॉमिक कारिडोर से जोड़ेगी और क्षेत्र के लिए आर्थिक समृद्धि का अहम मार्ग बनेगी। राज्य सरकार ने किसानों की मांग पर इसकी ऊंचाई कम की है, जिससे किसानों को भी आवागमन के लिए लाभ मिलेगा।

विकास का नया पर्याय बनेगा रोड

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि फतेहाबाद और चंद्रावती कभी इंदौर-उज्जैन के बीच व्यापार-व्यवसाय का प्रमुख केंद्र रहा है। परांगत सड़क के साथ-साथ नया ग्रीन फील्ड रोड विकास का नया पर्याय बनेगा। यह रोड उज्जैन-इंदौर मेटोपोलिटन सिटी के लिए नए सूर्याेदय के समान है। अब इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, धार और रतलाम तक 16 हजार वर्ग किलोमीटर में फैले मेट्रोपोलिटन एरिया में 6 रेलवे जंक्शन, 2 एयरपोर्ट, 4 हवाई पट्टी और 2 राजमार्ग शामिल होंगे। सड़क मार्ग उद्योग, व्यापार, कृषि और रोजगार सहित सभी क्षेत्रों के विकास में अहम योगदान देता है। अब फतेहाबाद को रेलवे के डबल ट्रैक की भी सौगात मिलने जा रही है।

बड़े पैमाने पर विकास होगा

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि लगभग 2900 करोड़ की लागत के इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड फोरलेन परियोजना से दोनों शहरों की दूरी कम होगी। उज्जैन धार्मिक और प्रेरणा की नगरी है और इंदौर आर्थिक और रोजगार का केंद्र है। उज्जैन-इंदौर मेट्रोपोलिटन एरिया के निर्माण से रोजगार, शिक्षा और अधोसंरचना का बड़े पैमाने पर विकास होगा। आज 38 हजार परिवारों को 2500 करोड़ रुपए लागत के आवासों में गृह-प्रवेश कराया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के 20 हजार छोटे व्यापारियों को स्वनिधि योजना के अंतर्गत 51 करोड़ राशि दी गई है। अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत सीवर और जल निकासी की परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है। फायर ब्रिगेड के 36 स्टेशनों के वाहन और उपकरण दिए गए हैं। प्रदेश में स्वच्छ भारत मिशन के लिए तेजी से कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज 5657 करोड़ रुपए विकास कार्यों के लिए जनता को समर्पित किए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में उज्जैन में स्मार्ट सिटी के उत्कृष्ट कार्य हुए हैं। यह सराहनीय पहल है। डॉ. मोहन यादव एक दूरदर्शी सोच रखने वाले मुख्यमंत्री हैं, जो मध्य प्रदेश को बहुत आगे ले जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *