सतना-चित्रकूट हाईवे पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बस और ट्रक में भीषण भिड़ंत, चालक गंभीर व यात्री का हाथ टूटा

Horrific collision between a speeding bus and a truck on the Satna-Chitrakoot highway.

सतना। सतना-चित्रकूट हाईवे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। मझगवां आरटीओ चेक पोस्ट के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बस चालक स्टीयरिंग में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक यात्री का हाथ टूट गया और कई अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

सतना से चित्रकूट जा रही थी यात्री बस

जानकारी के अनुसार, कामदगिरि ट्रेवल्स की बस (क्रमांक MP-18 P-0384) बुधवार सुबह सतना से चित्रकूट के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस मझगवां स्थित आरटीओ चेक पोस्ट के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। धमाके जैसी आवाज के साथ हुई इस टक्कर से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा, चालक को बाहर निकाला

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस के अगले हिस्से में बुरी तरह फंसे चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल, यातायात सुचारु

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल बस चालक और हाथ टूटने से घायल हुए यात्री को तत्काल मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं अन्य मामूली रूप से चोटिल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर सुचारु कराया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *