एमपी। न्यायमूर्ति कोगजे मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति बन गए है। वे मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के 30 वें मुख्य न्यायाधीपति की शपथ लिए है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गुरूवार को लोकभवन के सांदीपनि सभागार में किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव ने किया संचालन
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने शपथ ग्रहण समारोह का संचालन किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे को नियुक्त किए जाने की अधिसूचना का वाचन किया। समारोह का प्रारंभ और समापन राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् तथा राष्ट्र गान जन-गण-मन के गायन के साथ हुआ।
कौन है न्यायमूर्ति कोगजे जो बने एमपी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधिपति
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनने से पहले अल्पेश यशवंत कोगजे गुजरात उच्च न्यायालय में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दे रहे थे। उनका जन्म 16 जुलाई 1969 को हुआ। उन्होंने वर्ष 1993 में महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय, वडोदरा से एलएलबी पूरा किया और गुजरात बार काउंसिल में पंजीकरण कराकर वकालत शुरू की। अपने करियर के दौरान उन्होंने 2002 के गोधरा कांड से जुड़े मामलों में विशेष लोक अभियोजक और केंद्रीय उत्पाद शुल्क एवं सीमा शुल्क विभाग के लिए स्थायी वकील के रूप में कार्य किया। अप्रैल 2016 में वे गुजरात हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश बने और मार्च 2018 में स्थायी न्यायाधीश के रूप में पुष्टि हुई। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश और केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद उन्हें मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया।




