मैहर-कटनी मार्ग पर भीषण हादसा, टायर बदल रही बस को ट्रक ने मारी टक्कर, एक यात्री की मौत, 4 घायल

Horrific accident on the Maihar-Katni route

मैहर: मैहर-कटनी मार्ग पर बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बस के आगे खड़े एक यात्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।

टायर बदलने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, संजय ट्रैवल्स की यह बस सतना से सवारियां लेकर हैदराबाद के लिए रवाना हुई थी। बुधवार रात करीब 11:30 बजे मैहर-कटनी रोड पर पोड़ी गांव के पास अचानक बस का टायर पंचर हो गया। चालक और क्लीनर बस को सड़क के किनारे खड़ा कर टायर बदलने की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान रात का समय होने के कारण बस में सवार अधिकांश यात्री नीचे उतरकर सड़क किनारे और बस के आसपास खड़े होकर इंतजार करने लगे।

10 मीटर आगे खिसक गई बस, पहिए की चपेट में आया यात्री
तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने खड़ी बस को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बस करीब 10 मीटर आगे की तरफ खिसक गई। इस अप्रत्याशित टक्कर के वक्त मृतक यात्री बस के ठीक सामने खड़ा था। बस के अचानक आगे बढ़ने से वह सीधे पहिए की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय नत्थू यादव (पिता राम सोहावन यादव) निवासी लालपुर, जिला सतना के रूप में हुई है।

जांच और फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस बल और एंबुलेंस को तुरंत मौके पर रवाना किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया। इसके साथ ही मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना का कारण बने ट्रक को जब्त कर लिया है और मौके से फरार हुए ट्रक चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *