धर्मनगरी चित्रकूट में बीच सड़क हुक्का-शराब पार्टी, दिल्ली से आए युवकों का हुड़दंग, विरोध होने पर फरार

Hookah and alcohol party in the middle of the road in the holy city of Chitrakoot

सतना: जिले की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी चित्रकूट में रविवार रात जन्मदिन मनाने के नाम पर बीच सड़क जमकर हुड़दंग मचाने का मामला सामने आया है। दिल्ली नंबर की कार से आए करीब आधा दर्जन युवकों ने नगर परिषद कार्यालय के ठीक सामने सड़क पर हुक्का रखकर तेज संगीत पर डांस किया और बीयर व शराब का खुलेआम सेवन किया। इस अमर्यादित कृत्य से स्थानीय निवासियों और दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश फैल गया। राहगीरों के विरोध और तीखी बहस के बाद माहौल बिगड़ता देख सभी युवक अपनी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

तेज संगीत पर डांस और खुलेआम बीयर का सेवन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक कार में बीयर की केन और हुक्का लेकर पहुंचे थे। नगर परिषद कार्यालय के सामने गाड़ी खड़ी कर उन्होंने बीच सड़क पर हुक्का रख लिया और तेज आवाज में संगीत बजाकर नाचने-गाने लगे। सार्वजनिक स्थान पर खुलेआम शराब पीने और हुक्का गुड़गुड़ाने की इस हरकत को देखकर आसपास मौजूद श्रद्धालु और राहगीर दंग रह गए। जब स्थानीय लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया तो युवकों ने उनसे बहसबाजी शुरू कर दी, लेकिन लोगों के बढ़ते गुस्से को देखकर वे तुरंत गाड़ी में बैठकर चंपत हो गए।

वीडियो वायरल, श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत

इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो क्षेत्र में चर्चा और जन आक्रोश का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चित्रकूट एक पवित्र और आध्यात्मिक स्थल है, जहां रोजाना हजारों श्रद्धालु दूर-दराज से दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। धार्मिक स्थल पर इस तरह की फुहड़ता और नशेबाजी से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं, साथ ही यह घटना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

प्रशासन से सख्त कार्रवाई और निगरानी की मांग

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल मामले की जांच करने तथा सीसीटीवी फुटेज व कार के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही धर्मनगरी की मर्यादा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाने और शराबबंदी व हुड़दंग पर कड़ी निगरानी रखने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *