मध्य प्रदेश में मानसून की पूरी सक्रियता के चलते रीवा, सतना और सिंगरौली समेत पूरे विंध्य क्षेत्र में मूसलाधार बारिश का दौर लगातार जारी है। रीवा जिले में मंगलवार रात से हो रही लगातार बारिश के कारण मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आंधी-तूफान आने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए राहत आयुक्त ने रीवा, सतना और मैहर समेत अन्य जिलों के कलेक्टर्स को सतर्क रहने के निर्देश भेजे हैं। प्रशासन ने आम जनता से अत्यधिक सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
सतना जिले में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है, जहां पिछले 24 घंटों में औसतन ढाई इंच बारिश दर्ज की गई है। बिरसिंहपुर में 5.3 इंच और रामपुर में 5 इंच पानी बरसा है, जिससे 1 जून से अब तक जिले में औसत 44.1 इंच बारिश हो चुकी है—जो सामान्य से करीब 24 प्रतिशत अधिक है। इस भारी बारिश के कारण चित्रकूट की पवित्र मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है, जिससे निचले इलाकों और नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग की अगले तीन दिनों तक मध्यम से तेज बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी नदी-नालों और निचली बस्तियों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
उधर, सिंगरौली जिले में मात्र 10 घंटों रात 12 से सुबह 10 बजे के बीच में 167.2 मिमी करीब 6.6 इंच रिकॉर्ड बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। चितरंगी की नौगई पंचायत में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क बह जाने से संपर्क टूट गया है, जबकि जियावन थाना क्षेत्र के झखरावल गांव में घरों और निचली बस्तियों में पानी घुसने से ग्रामीण दहशत में हैं। इसके अलावा, सीधी-सिंगरौली एनएच-39 पर खाखन पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण पिछले दो-तीन दिनों से भारी वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और चालक वैकल्पिक मार्ग लंबा होने के कारण रास्ता ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं।




