मैहर में शारदीय नवरात्रि की भव्य शुरुआत, त्रिकूट पर्वत पर गूंजे मां के जयकारे

Grand commencement of Shardiya Navratri in Maihar

प्रसिद्ध धार्मिक नगर मैहर में रविवार से शारदीय नवरात्रि मेले की भव्य और उत्साहपूर्ण शुरुआत हो गई है। तड़के 3 बजे मंदिर के पट खुलते ही पूरा त्रिकूट पर्वत मां के जयकारों और घंटे-घड़ियालों की गूंज से भक्तिमय हो उठा। इसके बाद सुबह 4 बजे प्रधान पुजारी पवन दाऊ महाराज द्वारा मां शारदा की विशेष आरती और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रथम दिवस की पूजा-अर्चना संपन्न हुई। नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की आराधना की गई।

मैहर में दर्शन के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है, और पहले दिन शाम तक करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु मां शारदा के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं। श्रद्धालुओं के सैलाब को देखते हुए रेलवे स्टेशन से लेकर मंदिर परिसर तक भारी भीड़ नजर आ रही है। बाहर से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन और मेला क्षेत्र में सहायता केंद्र बनाए गए हैं ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

त्रिकूट पर्वत पर स्थित मंदिर तक पहुंचने के लिए भक्त 1300 सीढ़ियों का सफर तय कर रहे हैं, वहीं भीड़ को सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मेले की सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए 650 पुलिसकर्मियों को चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *