Maihar News : तालाब में नहाते समय डूबीं चार सहेलियां, सहेली को बचाने की जंग में दो ने गंवाई जान

Four friends drowned in a pond while bathing in Maihar.

मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है, जहाँ शनिवार की सुबह कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेहरा तालाब में नहाने गई चार सहेलियां गहरे पानी में समा गईं। इस दर्दनाक हादसे में एक 10 वर्षीय किशोरी और एक 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि दो अन्य को ग्रामीणों ने देवदूत बनकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे की वजह: बचाने की कोशिश बनी काल जानकारी के मुताबिक, पटेहरा बीड़ी कॉलोनी की रहने वाली एक युवती और तीन नाबालिग किशोरियां सुबह तालाब में नहाने पहुँची थीं। इसी दौरान किनारे पर नहाते समय अचानक एक किशोरी का पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर गहरे पानी में चली गई। अपनी सहेली को डूबते देख उसे बचाने के लिए बाकी तीनों सहेलियां भी आगे बढ़ीं, लेकिन गहराई का अंदाजा न होने के कारण चारों एक-एक कर डूबने लगीं।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण तालाब किनारे मची चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुँचे और पानी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों की सक्रियता से दो बच्चियों को तो मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन पूनम चौधरी (10 वर्ष) और आंचल चौधरी (20 वर्ष) की पानी में डूबने से मौत हो गई। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को तालाब से बाहर निकाला, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मैहर भेज दिया गया है।

प्रशासनिक अमला मौके पर घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेंद्र पटेल और थाना प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान तत्काल मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक छोटे से हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए हैं, जिससे बीड़ी कॉलोनी में सन्नाटा पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *