सतना जिले के सभापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिरसिंहपुर कस्बे में एक बेहद सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने एक सराफा व्यापारी दीपू सोनी के घर को निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। इस बड़ी चोरी की घटना का खुलासा तब हुआ जब व्यापारी अपनी पत्नी के साथ जबलपुर से वापस अपने घर लौटे।
प्राप्त विवरण के अनुसार, सराफा व्यापारी दीपू सोनी गत 4 नवंबर को अपनी पत्नी के साथ निजी काम से जबलपुर गए थे और जब वे 5 नवंबर की शाम करीब 7 बजे वापस लौटे, तो उनके ऊपर बने रिहायशी मकान के मुख्य बाहरी कमरे का दरवाजा नहीं खुला। शुरुआत में व्यापारी को लगा कि शायद लकड़ी फूलने या किसी अन्य तकनीकी कारण से दरवाजा फंस गया है, इसलिए उन्होंने सुबह किसी मिस्त्री को बुलाकर इसे ठीक करवाने का फैसला किया और वे अपनी नीचे स्थित ज्वेलरी शॉप में चले गए। दुकान की साफ-सफाई करने के बाद वे बगल के कमरे में ही सो गए।
अगले दिन शुक्रवार की सुबह जब व्यापारी ने अपने एक कर्मचारी के साथ ऊपर जाने वाले दरवाजे को खोलने का दोबारा प्रयास किया, तब भी वह नहीं खुला। संदेह होने पर जब उन्होंने पड़ोसी के मकान की छत से घर के पीछे की तरफ झांक कर देखा, तो ऊपरी हिस्से का एक दरवाजा आधा खुला नजर आया। इसके बाद कर्मचारी छत के रास्ते से घर के अंदर दाखिल हुआ और बाहरी कमरे तक पहुंचा, जिसका दरवाजा अंदर से बंद था। जैसे ही दरवाजा खोला गया, दीपू सोनी और उनकी पत्नी अंदर पहुंचे, जहां उनके होश उड़ गए क्योंकि दीवान और अलमारी में रखे गए सोने-चांदी के तमाम कीमती जेवर गायब थे।
हैरानी की बात यह रही कि घर का बाकी सारा सामान पूरी तरह व्यवस्थित था और कहीं भी किसी प्रकार की तोड़फोड़ या सामान बिखरा हुआ नहीं मिला, जिससे शातिर चोरों के वारदात को बेहद सफाई से अंजाम देने की बात सामने आ रही है। पीड़ित व्यापारी द्वारा चोरी गए कुल जेवरों की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे तथा सभापुर थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बारीकी से मुआयना किया और कमरों के दरवाजे अंदर से बंद मिलने तथा सामान के व्यवस्थित होने जैसी संदिग्ध परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपराधियों की सुरागकशी शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस आसपास और दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी किस रास्ते से घर के अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर कहां फरार हुए। मामले की गहन जांच जारी है।




