टीआरएस. महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

रीवा। ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय, रीवा के समाजशास्त्र विभाग द्वारा स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ एवं शैक्षणिक अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन वातावरण, विभागीय कार्यप्रणाली, शैक्षणिक गतिविधियों तथा भावी अवसरों से परिचित कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ नवप्रवेशित विद्यार्थियों के आत्मीय स्वागत के साथ हुआ।

छात्रों को दी गई ऐसी जानकारी

विभागाध्यक्ष डॉ. अखिलेश शुक्ल ने विद्यार्थियों को समाजशास्त्र विभाग की स्थापना, शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध गतिविधियों, विभाग द्वारा संचालित विविध अकादमिक कार्यक्रमों तथा विषय में उपलब्ध रोजगार एवं उच्च अध्ययन की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुसंधानपरक दृष्टिकोण विकसित करने तथा विभागीय गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। डॉ. महानंद द्विवेदी ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की समृद्ध शैक्षणिक परंपराओं, अनुशासित वातावरण तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, समयपालन और सकारात्मक सोच विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं।

क्लास रूम की दी जानकारी

डॉ. शाहेदा सिद्दीकी ने विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं में उपस्थिति सुनिश्चित करने, महाविद्यालयीन नियमों का पालन करने तथा निर्धारित ड्रेस कोड का अनुपालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अनुशासित एवं उत्तरदायी छात्र जीवन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। डॉ. मधुलिका श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को पुस्तकालय का नियमित उपयोग करने, संदर्भ पुस्तकों के अध्ययन की आदत विकसित करने तथा महाविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध सूचनाओं, नोटिसों एवं शैक्षणिक गतिविधियों का प्रतिदिन अवलोकन करने की सलाह दी। उन्होंने डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर भी विशेष बल दिया।

शोध गतिविधियों पर दी जानकारी

डॉ. निशा सिंह एवं डॉ. प्रियंका पाण्डेय ने विद्यार्थियों को विभाग में वर्षभर आयोजित होने वाले सेमिनार, कार्यशालाओं, व्याख्यानमालाओं, शैक्षणिक भ्रमण, शोध गतिविधियों तथा सह-पाठ्यक्रम कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए इन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इसके बाद छात्रों ने महाविद्यालय परिसर और केंद्रीय पुस्तकालय का भ्रमण कर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने विभागीय शिक्षकों से संवाद स्थापित कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया तथा महाविद्यालयीन जीवन की नई शुरुआत के प्रति उत्साह व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *