CM Orders Surprise Raids on Vallabh Bhawan: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति के लिए विशेष छापामार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके तहत वल्लभ भवन, विंध्याचल और सतपुड़ा भवन में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक सभी की उपस्थिति, आने-जाने का समय तथा किसी भी अनधिकृत अनुपस्थिति का रिकॉर्ड एकत्रित किया जा रहा है, ताकि प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही पर अंकुश लगाया जा सके और जनकल्याणकारी योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो।
CM Orders Surprise Raids on Vallabh Bhawan: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। उन्होंने मुख्य सचिव और सामान्य प्रशासन विभाग को निर्देश दिए हैं कि वल्लभ भवन, विंध्याचल और सतपुड़ा भवन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति की विशेष छापामार जांच की जाए।
यह कार्रवाई आज गुरुवार को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी, जिसमें सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति, आने-जाने का समय और किसी भी अनधिकृत अनुपस्थिति की विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस उद्देश्य से विशेष टीमें गठित की हैं, जो विभिन्न कार्यालयों में तैनात की गई हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस आदेश की सूचना दे दी गई है।
पहले भी दी जा चुकी है हिदायत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इससे पहले भी कई बार अधिकारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने की सख्त हिदायत दी है। उन्होंने कहा था कि पांच दिवसीय कार्यालय व्यवस्था के बावजूद कई अधिकारी निर्धारित समय पर नहीं पहुंचते, जिससे प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है। सीएम के इन निर्देशों से अब कार्यालय समय का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
जनकल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
डॉ. यादव ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता से जुड़े कार्यों, विशेष रूप से जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय पर काम करना अब अनिवार्य है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। सरकार का जोर है कि जनता की सुविधा और पारदर्शी प्रशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
आज राजस्थान और छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज राजस्थान और छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 9:05 बजे भोपाल से उड़ान भरकर उदयपुर पहुंचेंगे और वहां से भीलवाड़ा जाएंगे। भीलवाड़ा में उद्योगपतियों से निवेश संभावनाओं पर संवाद करेंगे। इसके बाद दोपहर 3:25 बजे उदयपुर से जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। जबलपुर से गढ़ाकोटा पहुंचकर 218वें ‘रहस मेला’ और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम को वे रायपुर जाएंगे।
