सतना जिला अस्पताल में बच्चा चोरी की सनसनीखेज कोशिश नाकाम, महिला की सूझबूझ से बचा नवजात

Sensational attempt of child theft failed in Satna District Hospital

सतना: जिला मुख्यालय स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल जिला अस्पताल से मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक नवजात शिशु को चोरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अस्पताल के गायनिक वार्ड में घुसे एक शातिर चोर ने महज एक दिन के बच्चे को पार करने का पूरा प्रयास कर लिया था, लेकिन वहां मौजूद एक अन्य महिला की सतर्कता और सूझबूझ के चलते आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। इस घटना के बाद से अस्पताल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

दूध पिलाने का बहाना बनाकर वार्ड में जमाया डेरा, रात 2 बजे दिया वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माडा टोला निवासी शिवानी चौधरी ने मंगलवार सुबह ही एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था। मंगलवार की रात करीब 10 बजे एक अज्ञात युवक गायनिक वार्ड में दाखिल हुआ। उसने परिजनों को झांसा देने के लिए बच्चे को दूध पिलाकर सुलाने की बात कही और कुछ दूरी पर बैठकर लगातार वार्ड और मां की गतिविधियों पर नजर रखने लगा। देर रात करीब 2 बजे जब नवजात की मां शिवानी गहरी नींद में सो गई, तो आरोपी युवक ने मौका पाकर चुपके से बच्चे को उठा लिया और उसे अपने साथ लाए एक झोले में बंद कर दिया।

झोले से रोने की आवाज और पैर दिखने पर खुली पोल, शोर मचाने पर बच्चा फेंककर भागा आरोपी
आरोपी युवक बच्चे को झोले में छिपाकर डिलीवरी रूम के बाहर भागने की फिराक में था। इसी दौरान वहां मौजूद नई बस्ती निवासी अभिलाषा तिवारी की नजर उस संदिग्ध युवक पर पड़ी। तभी अचानक झोले के अंदर से बच्चे के रोने की आवाज आई और अभिलाषा को झोले से बाहर नवजात के पैर दिखाई दे गए। शक होने पर जब उन्होंने युवक को रोका और पूछताछ शुरू की, तो वह बुरी तरह घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा। अभिलाषा ने बिना वक्त गंवाए शोर मचाना शुरू किया और आरोपी का पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी युवक घबराहट में बच्चे समेत झोले को वहीं जमीन पर फेंककर रफूचक्कर हो गया।

सुरक्षित मां की गोद में पहुंचा मासूम, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंची ड्यूटी नर्स और अभिलाषा के देवर ने तुरंत जमीन पर पड़े झोले से बच्चे को बाहर निकाला। डॉक्टरों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने के बाद सुरक्षित मासूम को उसकी मां शिवानी के सुपुर्द कर दिया गया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल जिला अस्पताल पहुंची और पीड़ित मां शिवानी व सूझबूझ दिखाने वाली महिला अभिलाषा तिवारी के बयान दर्ज किए। पुलिस ने बुधवार को अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि हुलिए के आधार पर आरोपी की शिनाख्त कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *