मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय से कक्षा 6 का एक 12 वर्षीय छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है. इस घटना के बाद से स्कूल प्रबंधन और परिजनों में हड़कंप मच गया है. विद्यालय प्रबंधन की लिखित शिकायत के बाद मैहर सिटी कोतवाली पुलिस ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बच्चे को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कर लिया है और छात्र की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, लापता छात्र मूल रूप से सिंगरौली जिले के एक गांव का रहने वाला है. उसके परिजन बीते 6 जुलाई को ही उसे आगे की पढ़ाई के लिए मैहर के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (छात्रावास) में छोड़कर गए थे. घटना वाले दिन यानी 9 जुलाई की रात करीब 10 बजे छात्रावास में रोजाना की तरह नियमित रोल कॉल (उपस्थिति) की गई थी, जिसके बाद सभी बच्चे अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे.
सुबह बिस्तर से गायब मिला छात्र, सीसीटीवी में आया नजर
अगले दिन शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे जब छात्रावास में दोबारा छात्रों की उपस्थिति जांची गई, तब यह छात्र अपने कमरे में मौजूद नहीं था. छात्र के अचानक गायब होने की खबर से हॉस्टल प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए. आनन-फानन में विद्यालय प्रबंधन ने पूरे परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि छात्र रात के करीब 12 बजे अकेले बैरक से निकलकर शौचालय की तरफ जाता हुआ दिखाई दे रहा है, लेकिन उसके बाद वह वापस लौटता नजर नहीं आया.
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर तलाश जारी, पुलिस जांच में जुटी
छात्र का कोई सुराग न मिलने पर स्कूल प्रबंधन ने कैंपस के चप्पे-चप्पे सहित आसपास के जंगलों, नजदीकी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश करवाई. हॉस्टल वार्डन और शिक्षकों ने तुरंत सिंगरौली में रह रहे उसके परिजनों से भी संपर्क साधा, लेकिन छात्र अपने घर भी नहीं पहुंचा था. अंततः शुक्रवार शाम को स्कूल के प्राचार्य की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस की टीमें बच्चे की खोजबीन में जुट गई हैं.




