सीधी : भोपाल में महिला आरटीओ इंस्पेक्टर की निर्मम हत्या, प्रेमी ने पेड़ से लटककर दी जान, शादी को लेकर विवाद

Brutal murder of a female RTO inspector in Bhopal.

भोपाल की लेकपर्ल कॉलोनी स्थित एक मकान में दतिया में पदस्थ आरटीओ इंस्पेक्टर 45 वर्षीय मीनाक्षी गोखले का संदेहास्पद परिस्थितियों में शव मिला है। उनके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे और पास ही खून से सना एक हथौड़ा भी बरामद हुआ है। जिस मकान में यह घटना हुई, वह उनके प्रेमी 48 वर्षीय पवन कुमार द्विवेदी का है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मूल रूप से सीधी जिले के रहने वाले पवन और मीनाक्षी की मुलाकात वर्षों पहले इंदौर में हुई थी, जब मीनाक्षी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं।

घटनाक्रम के मुताबिक, मीनाक्षी रविवार शाम करीब 7 बजे अपनी तीन साल की बेटी और केयरटेकर कृतिका के साथ इस मकान में पहुंची थीं। रात में केयरटेकर बच्ची के साथ अंदर के कमरे में सो रही थी। सोमवार सुबह करीब 7 बजे जब वह जागी, तो बाहर वाले कमरे में मीनाक्षी का शव देखकर दंग रह गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस का अनुमान है कि हत्या घर के आंगन में की गई थी, जिसके बाद आरोपी शव को घसीटकर बाहर वाले कमरे में ले गया और बाहर से ताला लगा दिया।

खजूरी सड़क थाना पुलिस के अनुसार, पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था, जबकि मीनाक्षी इसके लिए तैयार नहीं थीं। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते रविवार देर रात पवन ने हथौड़े से वार कर मीनाक्षी की हत्या कर दी और इसके बाद घर से करीब 20 मीटर दूर एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल (FSL) टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। एडिशनल डीसीपी संजीव पाठक ने बताया कि पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *