नरेंद्र नाम से नफरत हो गई… जब PM मोदी के सामने बॉक्सर ने सुनाया मजेदार किस्सा

pm narendra

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 गोल्ड समेत कुल 39 पदक अपने नाम किए। खेलों के समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने आवास पर मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान भारतीय मुक्केबाज नरेंद्र ने पीएम मोदी के साथ एक ऐसा मजेदार किस्सा साझा किया, जिसे सुनकर प्रधानमंत्री भी हंस पड़े।

पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले का किस्सा

नरेंद्र ने बताया कि साल 2015 में वह वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स में हिस्सा लेने गए थे। प्रतियोगिता में उनकी पहली फाइट पाकिस्तान के एक मुक्केबाज से हुई थी। मुकाबले से पहले उन्हें सेना की ओर से फोन आया था और कहा गया था कि किसी भी कीमत पर पाकिस्तान से हारना नहीं है।

उन्होंने बताया कि पहला मुकाबला उन्होंने 4-1 से जीत लिया। इसके बाद दूसरी बार भी उनका सामना उसी पाकिस्तानी मुक्केबाज से हुआ। यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा और नरेंद्र ने 3-2 के अंतर से जीत दर्ज की। हालांकि फाइट के दौरान दोनों खिलाड़ियों के सिर टकरा गए, जिससे दोनों घायल हो गए और इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।

अस्पताल में पाकिस्तानी बॉक्सर ने कही मजेदार बात

अस्पताल में इलाज के दौरान पाकिस्तानी मुक्केबाज ने नरेंद्र से एक दिलचस्प बात कही। भारतीय मुक्केबाज ने बताया कि उनके कोच का नाम भी नरेंद्र राणा था, जबकि उस समय देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थे।

ऐसे में पाकिस्तानी खिलाड़ी ने मजाकिया अंदाज में कहा, “आपका नाम नरेंद्र, आपके कोच का नाम नरेंद्र और आपके प्रधानमंत्री का नाम भी नरेंद्र है। अब तो मुझे नरेंद्र नाम से ही नफरत हो गई है।”

नरेंद्र ने जब यह किस्सा प्रधानमंत्री मोदी को सुनाया तो वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े और पीएम मोदी भी ठहाके लगाते नजर आए।

कॉमनवेल्थ गेम्स में जीता सिल्वर मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में नरेंद्र ने 90 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। हालांकि फाइनल मुकाबले में उन्हें इंग्लैंड के डामार थॉमस के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा और वह गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए।

इसके बावजूद भारतीय मुक्केबाजी टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। पुरुष और महिला मुक्केबाजों ने मिलकर कुल 10 पदक जीते और देश का नाम रोशन किया। भारत ने इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में 13 स्वर्ण पदकों सहित कुल 39 मेडल अपने खाते में दर्ज किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *