रीवा में सफाई कर्मचारियों का बड़ा आंदोलन: 13 जनवरी को होगा विशाल प्रदर्शन

Big movement of sanitation workers in Rewa

Big movement of sanitation workers in Rewa: रीवा जिले में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ने की पूरी तैयारी कर ली है। दैनिक वेतन भोगी, कार्यभारित और आउटसोर्स के तहत काम करने वाले सफाई कर्मचारियों ने बढ़ती ठेका प्रथा, अनुकंपा नियुक्ति में देरी, पेंशन बंद होने और कार्यालयीन कर्मचारियों की तरह अवकाश न मिलने सहित कुल सात सूत्रीय प्रमुख मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने का ऐलान किया है।

इन कर्मचारियों ने भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध नगर निगम श्रमिक कर्मचारी परिषद, दैनिक वेतन भोगी एवं कार्यभारित श्रमिक संघ तथा ऑल डिपार्टमेंट आउटसोर्स कर्मचारी संघ के संयुक्त मोर्चे के तहत आज भारतीय मजदूर संघ के कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक की अध्यक्षता बुद्ध सिंह करौशिया ने की, जिसमें जिला मंत्री विकास शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंगलवार, 13 जनवरी 2026 को दोपहर 1 बजे पद्मधर पार्क में सभी प्रभावित कर्मचारी एकत्र होंगे। यहां भव्य सभा के बाद एक विशाल जुलूस निकाला जाएगा, जो प्रकाश चौराहा, हॉस्पिटल चौराहा, कला मंदिर रोड से होते हुए भारतीय मजदूर संघ कार्यालय के सामने से गुजरते हुए गायत्री मंदिर मार्ग से कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगा।जुलूस के समापन पर कलेक्टर रीवा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें सभी सात मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की जाएगी।

कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है। यह प्रदर्शन रीवा शहर के सफाई कर्मचारियों के संघर्ष को एक नया आयाम देने वाला बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *