AR Rahman Controversy: मशहूर संगीतकार एआर रहमान (AR Rahman) के हालिया बयान ने बॉलीवुड में तूफान मचा दिया है। रहमान ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि पिछले 8 सालों से उन्हें सांप्रदायिक कारणों से काम नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उनका नाम ‘रहमान’ होने की वजह से कई प्रोड्यूसर्स उन्हें टाल देते हैं। इस बयान पर एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कंगना ने इंस्टाग्राम पर रहमान को “नफरत से अंधा” करार दिया और कहा कि वे खुद उनकी फिल्म इमरजेंसी (Emergency) के लिए नरेशन देने से इनकार कर चुके हैं।
रहमान ने इंटरव्यू में कहा था कि “कभी-कभी लोगों की नीयत को गलत समझ लिया जाता है।” उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनका इरादा किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था। रहमान ने आगे कहा: “भारत मेरी प्रेरणा है, मेरा गुरु है और मेरा घर है। संगीत हमेशा से मेरे लिए जुड़ने और संस्कृति का सम्मान करने का माध्यम रहा है। मैं समझता हूं कि कई बार इरादों को गलत समझ लिया जाता है, लेकिन मेरा उद्देश्य हमेशा संगीत के जरिए लोगों को ऊपर उठाना और सेवा करना ही रहा है।”
कंगना रनौत का तीखा पलटवारकंगना ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर रहमान का बयान शेयर करते हुए लिखा:
“प्रिय एआर रहमान जी, फिल्म इंडस्ट्री में मुझे बहुत भेदभाव और पक्षपात का सामना करना पड़ता है, सिर्फ इसलिए क्योंकि मैं एक केसरिया पार्टी का समर्थन करती हूं। लेकिन मुझे यह कहना ही पड़ेगा कि आपसे ज्यादा पूर्वाग्रही और नफरत से भरा इंसान मैंने आज तक नहीं देखा।”
कंगना ने आगे लिखा कि वे बहुत चाहती थीं कि रहमान उनकी डायरेक्टेड फिल्म इमरजेंसी के लिए नरेशन दें, लेकिन रहमान ने मना कर दिया। कंगना ने बताया कि उन्हें कहा गया कि रहमान “किसी प्रोपगेंडा फिल्म” का हिस्सा नहीं बनना चाहते। कंगना ने कहा कि इमरजेंसी को सभी आलोचकों ने बेहतरीन फिल्म बताया, यहां तक कि विपक्षी नेताओं ने भी तारीफ की। लेकिन रहमान अपनी नफरत में अंधे हो चुके हैं।
कंगना ने एक और पोस्ट में पुरानी घटना याद की। उन्होंने लिखा कि राम जन्मभूमि के लिए मसाबा गुप्ता की साड़ी पहनने पर डिजाइनर ने स्टाइलिस्ट से कहा कि वह राम जन्मभूमि में उनकी साड़ी नहीं पहन सकतीं। कंगना ने कहा कि वे तब तक अयोध्या के लिए निकल चुकी थीं, इसलिए कपड़े बदलना संभव नहीं था। उन्होंने बताया कि इस घटना से उन्हें बहुत अपमानित महसूस हुआ और वे कार में बैठकर रो पड़ी थीं।
जावेद अख्तर, शान और शोभा डे ने भी की आलोचना
जावेद अख्तर ने रहमान के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मुंबई में रहते हुए उन्हें कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ। जावेद ने कहा कि रहमान को बहुत सम्मान मिलता है और काम कम मिलने की वजह उनका वेस्ट में ज्यादा व्यस्त रहना है।सिंगर शान ने भी कहा कि उन्हें भी काम नहीं मिल रहा, लेकिन इसका सांप्रदायिक एंगल नहीं है। शान ने कहा कि काम उन्हें मिलता है जिन्हें लोग पसंद करते हैं। शोभा डे ने भी बयान की आलोचना की और कहा कि यह एक खतरनाक टिप्पणी है।रहमान के बयान ने बॉलीवुड में नाम, पहचान और काम के आधार पर भेदभाव की बहस को फिर से जिंदा कर दिया है। अब देखना होगा कि इस विवाद का असर रहमान की आने वाली प्रोजेक्ट्स पर पड़ता है या नहीं




