MPPSC परीक्षा : रीवा में 12 केंद्रों पर अभेद्य सुरक्षा घेरा, त्रि-स्तरीय जांच के बाद मिलेगा प्रवेश, जानें जरूरी गाइडलाइंस

Admission to MPPSC exam will be given after three-tier scrutiny

रीवा: मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 कल, 26 अप्रैल रविवार को रीवा शहर के 12 चुनिंदा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता को लेकर इस बार अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

रीवा के डिप्टी कलेक्टर एवं परीक्षा प्रभारी अधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी, जिसके तहत प्रथम प्रश्न-पत्र सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय प्रश्न-पत्र दोपहर 2:15 बजे से शाम 4:15 बजे तक होगा। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि इस बार नकल रोकने और फर्जीवाड़े को शून्य करने के लिए केंद्रों पर ‘नवीन त्रि-स्तरीय जांच प्रक्रिया’ लागू की गई है। इसके अंतर्गत प्रत्येक अभ्यर्थी का अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण किया जाएगा, उनके प्रवेश पत्र की स्कैनिंग होगी और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के जरिए सघन तलाशी ली जाएगी।

जांच की इस लंबी और तकनीकी प्रक्रिया को देखते हुए प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 90 मिनट पूर्व यानी सुबह 8:30 बजे तक केंद्र पर पहुंचने के सख्त निर्देश दिए हैं ताकि समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो सके। मर्यादा और संवेदनशीलता का ध्यान रखते हुए पुरुष अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग पुरुष वीक्षकों द्वारा तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला वीक्षकों द्वारा पृथक केबिन में की जाएगी। इसके साथ ही ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को यह विशेष विकल्प दिया गया है कि वे अपनी सुविधा अनुसार महिला अथवा पुरुष कर्मचारी से अपनी जांच करवा सकते हैं।

परीक्षार्थियों को केवल काला बॉलपेन, एक पारदर्शी पानी की बोतल, ई-प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र ही अंदर ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा और उल्लंघन करने वालों पर आयोग के नियमों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *