सिंगरौली में सड़क सर्वे कर रहे इंजीनियर को तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत

A speeding trailer crushed an engineer surveying a road in Singrauli.

सिंगरौली। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ओडगड़ी गांव के पास रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क निर्माण कार्य का सर्वे कर रहे इंजीनियर को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में इंजीनियर की मौके पर ही मौत हो गई।

यूपी के रहने वाले थे सर्वे इंजीनियर
मृतक की पहचान फिरोजाबाद उत्तर प्रदेश निवासी भानुप्रताप के रूप में हुई है। वह एक प्रतिष्ठित सड़क निर्माण कंपनी में सर्वे इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। रविवार दोपहर वह अपनी टीम और मजदूरों के साथ बैढ़न मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य का सर्वे कर रहे थे, इसी दौरान वह काल बनकर आए तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गए।

मौके पर मची चीख-पुकार, यातायात रहा बाधित
हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर लगते ही इंजीनियर भानुप्रताप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद कार्यस्थल पर मौजूद मजदूरों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार शुरू हो गई। इस हादसे के चलते बैढ़न मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों का आवागमन पूरी तरह थम गया और लंबा जाम लग गया।

पुलिस ने ट्रेलर किया जब्त, फरार चालक की तलाश शुरू
स्थानीय लोगों की सूचना पर बरगवां थाना प्रभारी मोहम्मद समीर पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रेलर को जब्त कर लिया है, हालांकि आरोपी चालक दुर्घटना के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *