कुश्ती में एमपी की बेटी प्रियांशी ने दिखाया दम, गोल्ड मैडल किया अपने नाम

भोपाल। हरियाणा के रोहतक में 10 से 12 जुलाई 2026 तक आयोजित यू-23 राष्ट्रीय सीनियर कुश्ती चौंपियनशिप में मध्यप्रदेश राज्य कुश्ती अकादमी की पूर्व खिलाड़ी प्रियांशी प्रजापत ने महिला 50 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रियांशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

देश भर के पहलवानों ने लिया हिस्सा

रोहतक में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना, कर्नाटक और मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों के शीर्ष पहलवानों ने भाग लिया। नामी पहलवानों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। प्रियांशी ने पूरे टूर्नामेंट में संयम, तकनीक और आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मुकाबलों में बढ़त बनाई और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभा का बढ़ा सम्मान

कुश्ती अकादमी, भोपाल की पूर्व खिलाड़ी प्रियांशी की यह उपलब्धि मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है। कठिन मुकाबलों के बीच प्रियांशी का स्वर्ण पदक जीतना उनकी मेहनत और प्रतिभा का परिचायक है। इससे एक बार फिर साबित हुआ है कि प्रदेश की खेल अकादमियां राष्ट्रीय स्तर के चौंपियन खिलाड़ी तैयार करने में लगातार सफल हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *