रीवा: शहर के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के अधीनस्थ गांधी मेमोरियल (GM) अस्पताल का गायनी विभाग इन दिनों गंभीर संकट और अत्यधिक कार्यभार से गुजर रहा है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि यहां पदस्थ महिला चिकित्सकों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देने की चेतावनी देते हुए मेडिकल कॉलेज के डीन को इसकी सूचना दी है।
गायनी विभाग के चिकित्सकों का कहना है कि प्रदेश में सबसे ज्यादा प्रसूताएं इसी अस्पताल में भर्ती होती हैं और यहाँ डिलीवरी तथा सिजेरियन ऑपरेशन का वर्क लोड बहुत अधिक है, जबकि इस अनुपात में चिकित्सकों की संख्या बेहद कम है। पूर्व में यहाँ 25 चिकित्सक पदस्थ थीं, लेकिन कुछ के इस्तीफे, कुछ पर विभागीय कार्रवाई और एक के बर्खास्त होने तथा एक के निलंबित होने के बाद वर्तमान में विभाग में महज 6 महिला चिकित्सक ही कार्यरत हैं, जिससे उन्हें तनावपूर्ण स्थितियों में काम करना पड़ रहा है।
इस गंभीर मामले पर मेडिकल कॉलेज के डीन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि प्रसूता कल्पना मिश्रा की दुखद मृत्यु के मामले में राज्य स्तरीय साधिकार समिति और मजिस्ट्रेट जांच के निर्देशों के अनुक्रम में सहायक प्राध्यापक डॉ. गुंजन गोस्वामी को निलंबित किया गया है, जिसके विरोध और विभाग की समस्याओं को लेकर आज सभी चिकित्सक उनसे मिलने आए थे। डीन ने आश्वासन दिया कि स्थिति को संभालते हुए तात्कालिक रूप से अन्य विभागों से तीन स्त्री रोग विशेषज्ञ और तीन नए मेडिकल ऑफिसर्स को गायनी विभाग में अटैच किया गया है।
इसके अलावा दो नई यूनिट बढ़ाने, तीन नए सहायक प्राध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने और प्रोफेसर के रिक्त पद पर न्यायालयीन निर्देश के बाद पदोन्नति की प्रक्रिया बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया है, ताकि चिकित्सकों का वर्क लोड कम किया जा सके और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से चल सकें।




