Vishakhapatnam Monika Murder : आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम की घटना ने एक बार फिर श्रद्दा हत्याकांड की याद दिला। भारतीय नौसेना के एक कर्मचारी ने अपनी 28 वर्षीय प्रेमिका की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी चिंतादा रविंद्र ने प्रेमिका की हत्या के बाद उसके शव को टुकड़ों में काटा। आरोपी ने शव के टुकड़े-टुकड़े कर कुछ हिस्सों को फ्रिज में छिपा दिया। बाकी शव के सिर और हाथों को जला दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शव को काटने के लिए ऑनलाइन चाकू मंगवाया
पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपी चिंतादा रविंद्र ने प्रेमिका की हत्या के लिए ऑनलाइन एक चाकू मंगवाया और फिर उसी चाकू से उसका शव टुकड़ों में काटा। इसके बाद, उसने कुछ हिस्सों को फ्रिज में रख दिया और रविवार को अदाविवरम के पास एक खाली जगह पर सिर और हाथों को जला दिया।
आरोपी रविंद्र नौसेना में तैनात है
आरोपी की पहचान सी.एच. रविंद्र के रूप में हुई है, जो INS डेगा पर तैनात है। वहीं, मृतका की पहचान मोनिका के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि रविंद्र और मोनिका 2021 से संपर्क में थे। दोनों की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी, और समय के साथ उनके बीच संबंध गहरे हो गए थे। वे अक्सर विशाखापत्तनम के पार्क और थिएटर में मिलते थे।
आरोपी बोला- पत्नी को बताने की धमकी देती थी
आरोपी चिंतादा रविंद्र का आरोप है कि मृतका मोनिका ने कथित तौर पर उससे 3.5 लाख रुपये उधार लिए थे और उसे धमकी दी थी कि वह उसके बारे में उसकी पत्नी को बता देगी। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। घटना वाले दिन, आरोपी ने महिला को अपने फ्लैट पर बुलाया, जहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई। इसके बाद, उसने गला दबाकर महिला की हत्या कर दी। फिर उसने शव के टुकड़े किए और अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, और पुलिस उसकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।
