Villagers caught the miscreants who were molesting girl students in Sidhi: सीधी। जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमानगढ़ तिराहा पर शनिवार दोपहर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब कॉलेज से लौट रही छात्राओं ने उनका पीछा कर रहे तीन मनचलों को ग्रामीणों की मदद से रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी युवक छात्राओं का करीब 10 किलोमीटर तक पीछा करते रहे और मौका पाकर उनके साथ अभद्रता की। छात्राओं की बहादुरी और स्थानीय लोगों की सक्रियता के कारण तीनों आरोपियों को अब सलाखों के पीछे पहुँचाने की तैयारी कर ली गई है।
दहशत के 10 किलोमीटर और फिर अभद्रता
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित छात्राएं कॉलेज से बस द्वारा अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान सीधी शहर से ही एक बाइक पर सवार तीन युवक— जानू साकेत, धर्मेंद्र साकेत और लक्ष्मण साकेत—लगातार बस का पीछा करने लगे। जैसे ही छात्राएं हनुमानगढ़ तिराहा पर बस से उतरीं, आरोपियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। मनचले छात्राओं से मोबाइल नंबर की मांग करने लगे और विरोध करने पर सरेराह उनका हाथ पकड़कर अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे आरोपी
छात्राओं ने डरने के बजाय हिम्मत दिखाई और जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर जमा हो गए। छात्राओं ने रोते हुए पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने तीनों मनचलों को घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों का गुस्सा देख तीनों आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे, लेकिन लोगों ने उन्हें पकड़कर तुरंत सेमरिया थाना पुलिस को सूचित किया।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी केदार परौहा ने बताया कि छात्राओं की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ छेड़खानी और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया जारी है। क्षेत्र में छात्राओं की इस बहादुरी की जमकर सराहना की जा रही है।
