यूटा (अमेरिका) के एक शॉपिंग मॉल में भारतीय मूल के एक शख्स पर जानलेवा हमला हुआ है। हमलावर ने पहले धर्म पूछा और फिर ताबड़तोड़ 15 बार चाकू घोंप दिए। घायल शख्स की हालत बेहद गंभीर है और वे अस्पताल में भर्ती हैं।
धर्म पूछकर किया हमला
यह दर्दनाक घटना 13 जुलाई को वेस्ट वैली सिटी के वैली फेयर मॉल में हुई। पीड़ित का नाम सैयद सोहेल उद्दीन है, जो मॉल के एक कियोस्क पर काम करते हैं।
चश्मदीदों के मुताबिक, 48 साल का आरोपी पीटर माइकल लार्सन, सोहेल के पास आया और पूछने लगा, “तुम कहां से हो?” सोहेल ने जैसे ही कहा कि वह भारत से हैं और उनका नाम सोहेल है, तो आरोपी ने अगला सवाल किया, “क्या तुम मुस्लिम हो?” सोहेल के ‘हां’ कहते ही आरोपी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
आरोपी ने जुर्म कबूला
पुलिस के पहुंचने से पहले ही मॉल में मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाकर आरोपी पीटर को दबोच लिया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपी ने साफ माना कि उसने जान-बूझकर सोहेल को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वह मुस्लिम थे। आरोपी ने अधिकारियों से कहा कि वह मुसलमानों को मारना चाहता है। पुलिस का कहना है कि यह शख्स समाज के लिए बहुत बड़ा खतरा है।
भारतीय दूतावास ने क्या कहा?
सैन फ्रांसिस्को में मौजूद भारतीय वाणिज्य दूतावास (Consulate) ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। दूतावास ने ‘X’ (ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया कि वे पीड़ित परिवार के लगातार संपर्क में हैं और उन्हें हर संभव मदद दी जा रही है। साथ ही, वे इस मामले को लेकर वहां की स्थानीय पुलिस और प्रशासन पर भी नजर बनाए हुए हैं।
पीड़ित परिवार की मुश्किलें
चश्मदीदों ने बताया कि सोहेल अपने परिवार में अकेले कमाने वाले हैं। उनके दो छोटे बच्चे और पत्नी हैं। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि उनके पास कोई हेल्थ इंश्योरेंस (बीमा) भी नहीं है। कई सर्जरी होने के बाद भी उनकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है।




