Twisha Sharma Case : मध्य प्रदेश के भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में आज एम्स अस्पताल में दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। परिजनों की जानकारी के अनुसार आज शाम 5:00 बजे तुषार शर्मा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस मामले में तुषार शर्मा के पति समर सिंह का भी एक और बयान सामने आया है। समर्थ सिंह खुद को बेकसूर बता रहा है। समर्थ सिंह का कहना है कि उसके और तुषार के बीच रिश्ता सामान्य था।
आज AIIMS में ट्विशा शर्मा का दोबारा हुआ पोस्टमार्टम
नोएडा से भोपाल में विवाह के बाद आई 31 वर्षीय मॉडल और अभिनेत्री त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार नए मोड़ ले रहा है। अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में सच्चाई की तह तक पहुंचने के लिए रविवार को भोपाल एम्स में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद यह प्रक्रिया शुरू हुई है, जिससे मौत के कारणों को लेकर उठ रहे सवालों के जवाब तलाशे जा सकें।
आज शाम 5 बजे ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार होगा
मृतका ट्विशा शर्मा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने जानकारी दी कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम पांच बजे भदभदा श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली एम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों की चार सदस्यीय टीम शनिवार देर रात भोपाल पहुंची थी।
25 मई को इस मामले में होगी फिर सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने खुद संज्ञान लेकर मामले की गंभीरता को बढ़ाते हुए विशेष सुनवाई तय की है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जोयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की विशेष पीठ सोमवार 25 मई को इस मामले पर सुनवाई करेगी। शीर्ष अदालत ने इसे “एक युवती की उसके ससुराल में अप्राकृतिक मृत्यु से जुड़े कथित संस्थागत पूर्वाग्रह और प्रक्रियात्मक अनियमितताओं” के रूप में दर्ज किया है, जिससे मामले की गंभीरता और जांच की दिशा स्पष्ट हो गई है।
ससुराल में मिला था ट्विशा शर्मा का शव
गौरतलब है कि दिसंबर में विवाह बंधन में बंधीं त्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे पर लटकी मिली थीं। घटना के बाद परिजनों ने दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए, जिसके आधार पर पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
10 दिन के बाद पति समर्थ सिंह ने किया सरेंडर
करीब 10 दिन तक फरार रहने के बाद मृतिका के पति समर्थ सिंह शुक्रवार को जबलपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर भोपाल लाया। स्थानीय अदालत ने उसे सात दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा है। वहीं, सास गिरिबाला सिंह बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद पुलिस के समक्ष पूछताछ के लिए पेश नहीं हुई हैं। इस बीच मृतका के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग दोहराई है, जिसे पहले ही राज्य सरकार ने मंजूरी दी है। फिलहाल, सभी की निगाहें दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हुई हैं।
पीएम रिपोर्ट आने के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा, जबकि सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई इस मामले की दिशा तय करेगी। अंतिम संस्कार शाम 5 बजे भदभदा श्मशान घाट में किया जाएगा, और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।




