Satna News : क्रेशर प्लांट में मजदूर की दर्दनाक मौत, परिजनों ने 1 करोड़ मुआवजे की मांग पर पोस्टमार्टम से किया इनकार

Tragic death of a worker in a crusher plant

Tragic death of a worker in a crusher plant: सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र के बिरहुली में शुक्रवार सुबह एक क्रेशर प्लांट में काम कर रहे मजदूर की बेहद दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बिरहुली नई बस्ती निवासी रमेश चौधरी (38) पुत्र दुलेचंद चौधरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रमेश पिछले करीब 15 साल से इसी क्रेशर प्लांट में काम कर रहा था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी पत्नी फूलबाई दिव्यांग हैं और तीन छोटे बच्चे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही बेहद कमजोर है।

घटना के दौरान रमेश कन्वेयर बेल्ट की सफाई कर रहा था। अचानक बिना किसी पूर्व सूचना या चेतावनी के बेल्ट चालू हो गई, जिससे वह उसमें फंस गया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे फौरन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्लांट मालिक और संचालकों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने मृतक के परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गुस्साए परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया। मामले की सूचना मिलते ही कोलगवां और सिटी कोतवाली पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने की कोशिश की है, जबकि प्रशासन परिवार को मुआवजा और न्याय दिलाने का आश्वासन दे रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर क्रेशर प्लांटों में सुरक्षा मानकों की कमी और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग और परिजन जांच पूरी होने तक आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *