तमिलनाडु में थलपति विजय के नेतृत्व वाली सरकार ने 5 अगस्त को अपना पहला बजट पेश किया। बजट पेश करते हुए सरकार ने दावा किया कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए कई वादों को इसमें शामिल किया गया है। वित्त मंत्री डॉ. एन. मैरी विल्सन ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए महिलाओं, छात्रों, गरीबों और युवाओं के लिए कई बड़ी योजनाओं का ऐलान किया।
महिलाओं और नवजात बच्चों के लिए खास योजनाएं
- सरकार ने शादी करने वाली पात्र महिलाओं के लिए ‘अन्नन सीर थीत्तम’ योजना की घोषणा की है। इसके तहत योग्य दुल्हनों को शादी के समय 8 ग्राम का सोने का सिक्का और सिल्क साड़ी दी जाएगी। इस योजना के लिए 812 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
- इसके अलावा सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले नवजात बच्चों के लिए ‘गोल्ड रिंग’ योजना शुरू करने का ऐलान किया गया है। इस योजना के लिए 560 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
- शिक्षा, बिजली और हज सब्सिडी पर भी बड़े ऐलान
- बजट में छात्रों के लिए भी कई घोषणाएं की गई हैं। कॉलेज छात्रों को लैपटॉप उपलब्ध कराने के लिए 2000 करोड़ रुपये रखे गए हैं। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘कामराज स्पेशल स्कूल’ खोले जाएंगे। इन स्कूलों में पढ़ाई के साथ भोजन, हॉस्टल, कपड़े और पढ़ाई का जरूरी सामान मुफ्त दिया जाएगा। इस योजना के लिए 125 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
- सरकार ने अन्य स्कूलों के आधुनिकीकरण के लिए भी 300 करोड़ रुपये देने का फैसला किया है।
- हज यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए भी राहत की घोषणा की गई है। हज कमेटी के जरिए पहली बार हज पर जाने वाले यात्रियों की सब्सिडी 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 35 हजार रुपये कर दी जाएगी।
- वहीं आम लोगों को राहत देते हुए सरकार ने 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा भी की है।
इसके अलावा नशा मुक्ति अभियान के लिए 7 करोड़ रुपये, गर्भवती महिलाओं के लिए ‘थाई केयर’ सेंटर, गरीबों के लिए ‘अरण’ शेल्टर होम और ट्रांसजेंडर समुदाय के पुनर्वास के लिए भी योजनाओं का ऐलान किया गया है।
बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री डॉ. एन. मैरी विल्सन ने कहा कि तमिलनाडु पर करीब 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और सरकार राज्य की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मेडिकल प्रवेश के लिए NEET परीक्षा को समाप्त किया जाना चाहिए और दाखिला 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर दिया जाना चाहिए।




