रीवा : 15 दिन से भूख हड़ताल कर रहे कल्पना के पिता को पुलिस ने बलपूर्वक हटाया, अस्पताल में भर्ती

The police forcibly removed Kalpana's father who had been on a hunger strike in Rewa for 15 days

रीवा के गांधी मेमोरियल अस्पताल में 26 अगस्त को प्रसव के दौरान कल्पना मिश्रा और उनके नवजात बच्चे की मौत के मामले में न्याय की मांग कर रहे परिजनों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सिरमौर चौराहे पर पिछले 15 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे कल्पना के पिता को आज पुलिस ने बलपूर्वक हटाकर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। परिजन डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर अड़े हुए थे। लगातार 15 दिन तक अनशन जारी रहने के कारण उनकी सेहत बेहद बिगड़ चुकी थी।

मौके पर मौजूद तहसीलदार शिवशंकर शुक्ला ने बताया कि लगातार कल्पना मिश्रा के पिता के गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अस्पताल शिफ्ट किया गया है, और साथ ही स्पष्ट किया कि सिरमौर चौराहे पर किसी भी तरह के धरने की कोई अनुमति नहीं थी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद से इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *