शहडोल। एमपी के शहडोल में संचालित एकलव्य आवासीय विद्यालय छात्रावास, ग्राम हर्री में रहने वाली एक छात्रा के गायब हो जाने से हड़कम्प मच गया है। जानकारी के तहत छात्रावास की वॉर्डन ने नियमित हाजिरी ली। अटेंडेंस के दौरान एक छात्रा के अनुपस्थित पाए जाने पर वार्डन ने पहले तो छात्रा के सबंध में पूछताछ किया और जब कुछ भी पता नही चला तो उन्होने सोहागपुर थाना में छात्रा के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई है। गौरतलब है कि पूर्व में भी सोहागपुर थाना क्षेत्र के छात्रावासों से छात्राओं के लापता होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे अभिभावकों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने शीघ्र ही छात्रा को सकुशल बरामद करने का भरोसा दिलाया है।
अकेले कमरे में थी छात्रा
जानकारी के अनुसार पूछताछ में पता चला कि संबंधित छात्रा के कमरे की अन्य छात्राएं छुट्टी पर थीं और वह रात में कमरे में अकेली सो रही थी। छात्रावास की वॉर्डन उमंग भारद्वाज ने मामले की लिखित शिकायत सोहागपुर थाना में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है और छात्रा की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है। छात्रावास परिसर और आसपास के क्षेत्रों की भी जांच की जा रही है।
