सतना: जिले के नागौद विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बंडी में शासकीय गौशाला के लिए प्रस्तावित भूमि पर अवैध कब्जे और सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुँचाने का गंभीर मामला सामने आया है। एक आदतन एवं सजायाफ्ता अपराधी द्वारा गौशाला की जमीन पर कब्जा कर शासकीय संपत्ति को नेस्तनाबूद किए जाने से ग्रामीणों और पंचायत प्रशासन में भारी आक्रोश व्याप्त है।
विधायक निधि से बनी बाउंड्री और खंभे तोड़े
ग्रामीणों और पंचायत सचिव द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बंडी में सर्वजन के हित और गौशाला के निर्माण के लिए जमीन प्रस्तावित की गई थी, जिसका प्रस्ताव वर्तमान में जिला कलेक्टर के समक्ष विचाराधीन है। इस जमीन पर शासन की मंशानुरूप विधायक निधि से लगभग 6 लाख रुपये की लागत से तार जाली की बाउंड्री और मजबूत खंभे लगवाए गए थे, ताकि गौशाला का सुरक्षित निर्माण किया जा सके।
आदतन अपराधी ने की तोड़फोड़ और चोरी
आरोप है कि क्षेत्र के एक आदतन और सजायाफ्ता अपराधी रामलाल यादव ने मनमानी करते हुए गौशाला की जमीन पर लगे सीमेंटेड खंभे तोड़ दिए और वहां लगाई गई महंगी तार-जाली चोरी कर ली। इतना ही नहीं, आरोपी ने उक्त जमीन पर अवैध रूप से ट्रैक्टर चलाकर जुताई कर दी और मौके पर तंबू गाड़कर रहना भी शुरू कर दिया है। इस पूरी हरकत के चलते शासन को लगभग 6 लाख रुपये का सीधा आर्थिक नुकसान हुआ है।
एक महीने से चक्कर काट रहे पीड़ित, अब तक कोई कार्रवाई नहीं
घटना से आहत पंचायत सचिव रामभवन पांडे और स्थानीय ग्रामीणों ने करीब एक महीना पहले सिंहपुर तहसीलदार और संबंधित थाना प्रभारी को लिखित शिकायती आवेदन देकर कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई थी। स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई न होने पर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर भी न्याय की गुहार लगाई। इसके बावजूद आज तक न तो आरोपी के खिलाफ कोई एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है और न ही सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाया गया है।
ग्रामीणों की दो टूक: जल्द हो सख्त कार्रवाई
प्रशासनिक सुस्ती और पुलिस कीलापरवाही से हौसले बुलंद नजर आ रहे आरोपी के खिलाफ ग्रामीणों ने अब आर-पार की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए जल्द से जल्द शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटवाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वाले आरोपी रामलाल यादव पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून का राज कायम रह सके।




