रीवा। भारतीय मजदूर संघ से संम्बद्ध यूनियन कृषि एवं ग्रामीण मजदूर संघ मध्य प्रदेश का त्रैवार्षिक प्रादेशिक अधिवेशन मैरिज गार्डन रीवा में आयोजित किया गया है। सम्मेलन के शुभांरभ अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह उपस्थित रहे, जबकि सत्र की अध्यक्षता कृषि एवं ग्रामीण मजदूर संघ मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अशोक प्रताप सिंह ने किया ।
कृषि मजदूरों को जोड़ने का करे काम
मुख्य वक्ता भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि कृषि एवं ग्रामीण मजदूर संघ ग्रामीण क्षेत्र में कृषि कार्य में लगे हुए समस्त प्रकार के मजदूरों को संगठित कर उन्हें मुख्य धारा में जोड़ने का प्रयास कर रहा है। आप सभी को मालूम है कि कृषि क्षेत्र की मजदूरों के बीच अभी भी अनंत समस्याएं एवं कठिनाइयां हैं। सरकारों द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाओं का संचालन तो किया जा रहा है लेकिन उसका क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर ठीक से नहीं पहुंच पा रहा है। हम सभी का दायित्व है की शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर में बैठे कृषि मजदूरों तक पहुंचाया जाए।
3 वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत
दूसरे सत्र में महामंत्री द्वारा विगत 3 वर्षों में किए गए कार्यों का वृत्त प्रस्तुत किया, तत्पश्चात कोषाध्यक्ष द्वारा तीन वर्ष के आय व्यय पत्रक का वाचन किया गया जिसका उपस्थित प्रतिनिधि सभा द्वारा भारत माता की जय बोलकर समर्थन किया गया। तीसरे सत्र में कृषि मजदूर की समस्याओं के निराकरण के लिए पांच प्रस्ताव पारित किए गए एवं समस्याओं का मांग पत्र तैयार किया गया, प्रस्तावों पर चर्चा उपरांत सभा द्वारा उसका अनुमोदन किया गया।
26 करोड़ से ज्याद देश में कृषि मजदूर
इसी सत्र में अखिल भारतीय महामंत्री कृषि एवं ग्रामीण मजदूर महासंघ का संबोधन हुआ जिसमें कहा गया कि देश के अंदर सर्वाधिक संख्या वाला श्रमिक कृषि मजदूर है जिसकी देश के अन्दर संख्या 26 करोड़ से ज्यादा है। भूमि के घटते रकबे के कारण लगातार इनकी संख्या में वृद्धि हो रही है। काम के अभाव में इनको दूसरे प्रदेशों की ओर पलायन करना पड़ता है। इनके बीच बहुत सारी समस्याएं हैं इसके निराकरण के लिए आज आप सभी लोग यहां पर उपस्थित होकर चिंतन मंथन कर रहे हैं हमें आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि मध्य प्रदेश के अंदर कृषि मजदूरों का एक शक्तिशाली विशाल संख्या वाला संगठन आगामी समय में देखने को मिलेगा।
25 लोगो की कार्यसमिति का गठन
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में कृषि एवं ग्रामीण मजदूर संघ मध्य प्रदेश के प्रभारी हरेंद्र सिंह चंदेल द्वारा आगामी 3 वर्ष के लिए निर्वाचन संपन्न कराया गया। जिसमें लल्ला सिंह तोमर गुना अध्यक्ष, विक्रम सिंह शहडोल कार्यकारी अध्यक्ष, प्रदीप सिंह बघेल उमरिया महामंत्री, अनिल त्रिपाठी रीवा संयुक्त महामंत्री, सुरेंद्र सिंह सेगर रीवा कोषाध्यक्ष, दीप नारायण सिंह मीडिया प्रभारी सहित पांच उपाध्यक्ष, पांच मंत्री एवं एक कार्यालय मंत्री सहित 25 लोगों की कार्य समिति का गठन किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारी को मंच में सम्मानित करने के उपरांत कार्य समिति की बैठक संपन्न कराई गई।




