Sourav Ganguly Death Threat: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और पूर्व BCCI अध्यक्ष (Sourav Ganguly) और उनकी पत्नी (Dona Ganguly) को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद कोलकाता में हड़कंप मच गया है। गांगुली परिवार की ओर से इस मामले में पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने धमकी भरे पत्र की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, 10 अगस्त को के ऑफिस में एक धमकी भरा पत्र पहुंचा। यह पत्र अंग्रेजी में लिखा गया था और इसमें सौरव गांगुली और उनके परिवार को ‘खत्म’ करने की धमकी दी गई थी। पत्र सामने आने के बाद परिवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस से संपर्क किया।
परिवार के सूत्रों के मुताबिक, पिछले करीब 6 महीने से इसी तरह के धमकी भरे पत्र मिल रहे थे। पहले इन्हें फैंस की ओर से भेजे गए पत्र समझकर नजरअंदाज किया गया, लेकिन इस बार इस्तेमाल की गई भाषा काफी आक्रामक थी। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया।
पुलिस में दर्ज हुई लिखित शिकायत
Sourav Ganguly की पर्सनल सेक्रेटरी (Tania Bhattacharya) ने कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि धमकी भरे पत्र की भाषा को देखते हुए सौरव गांगुली, उनकी पत्नी (Dona Ganguly) और परिवार के साथ काम करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है।
मामले की जानकारी राज्य सरकार को भी दी गई है। इसके बाद सुरक्षा विभाग को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
कूरियर से भेजा गया धमकी भरा पत्र
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि धमकी भरे पत्र कूरियर के जरिए Sourav Ganguly के घर भेजे गए थे। पैकेट पर भेजने वाले का नाम ‘अरुण कुमार’ लिखा हुआ था और उसे बेलघरिया का निवासी बताया गया है।
जांच के दौरान पुलिस ने पत्र में दिए गए एक फोन नंबर को भी खंगाला। बताया जा रहा है कि उस नंबर की पहचान Truecaller पर अरुण कुमार के नाम से दिखाई दी।
हालांकि, पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि पत्र वास्तव में अरुण कुमार ने भेजे थे या किसी दूसरे व्यक्ति ने उनकी पहचान का इस्तेमाल किया है।
सौरव गांगुली की सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी
Sourav Ganguly की लोकप्रियता और सार्वजनिक पहचान को देखते हुए पुलिस इस धमकी को गंभीरता से ले रही है। जांच एजेंसियां पत्र भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने और धमकी के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गांगुली परिवार की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पिछले कई महीनों से धमकी भरे पत्र कौन भेज रहा था और इस बार धमकी देने के पीछे असली मकसद क्या है।




