एमपी के पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी का बेटा फरार घोषित, वांरट जारी, लाल स्याही से लिखी जाएगी नोट

ग्वालियर। अपने विवादित भाषणों और बयानों के कारण हमेशा चर्चा में रहने वाले भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. शिवपुरी जिले की पिछोर सीट से भाजपा विधायक लोधी के बेटे दिनेश लोधी को लेकर अब अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। ग्वालियर की विशेष एससी-एसटी अदालत ने विधायक के बेटे दिनेश लोधी को फरार घोषित करते हुए उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया है। अदालत ने निर्देश दिए हैं कि प्रकरण के रिकॉर्ड के मुख्य पृष्ठ पर लाल स्याही से अभियुक्त फरार है अंकित किया जाए और प्रकरण को नियमानुसार सुरक्षित रखा जाए।

ऐसा है मामला

दरअसल यह मामला ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है. इसी थाने में जलालपुर गांव के रहने वाले 40 वर्षीय दिनेश लोधी के खिलाफ पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया था. कोर्ट के आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, इस मामले में कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए दिनेश लोधी के खिलाफ 28 दिसंबर 2023 को पहली बार अदालत द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था. हालांकि, इस शुरुआती वारंट के जारी होने के बाद से ही आरोपी कानूनी प्रक्रिया से बचता नजर आया. वह लगातार कोर्ट की तारीखों और पेशी से नदारद चल रहा है. पिछले लंबे समय से अदालत में उपस्थित न होने और पुलिस की गिरफ्त से दूर रहने के कारण ही अब न्यायालय को इस मामले में बेहद सख्त रुख अख्तियार करना पड़ा है।

थार कार चढ़ाने के वीडियो से भी चर्चा में आया था दिनेश

ज्ञात हो कि हाल ही विधायक का बेटा दिनेश लोधी तब विवादों के चलते चर्चा में आया जब शिवपुरी जिले के पिछोर से दिनेश लोधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. इस वीडियो में वह एक थार कार को किसी व्यक्ति के ऊपर चढ़ाने का प्रयास करता हुआ नजर आया था, जिसने काफी तूल पकड़ा था. अब कोर्ट द्वारा स्थायी वारंट जारी होने के बाद पुलिस पर आरोपी विधायक पुत्र की गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *