देव भूमि के हेमकुंड साहिब, केदारनाथ और रुद्रनाथ में बर्फबारी, लुढ़का पारा, एमपी-यूपी का मौसम

वेदर न्यूज। देश की देव भूमि का मौसम बदलने लगा है। यहां बारिश के बाद अब बर्फ बारी की शुरूआत हो गई है। जिससे उत्तराखंड और यहां के धार्मिक स्थलों के मौसम का मिजाज बदल गया है। जो जानकारी आ रही है। उसके तहत उत्तराखंड के हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई। केदारनाथ और रुद्रनाथ में भी बर्फबारी होने से पहाड़ी इलाकों में तापमान गिरने के साथ ठंड बढ़ गई है। केदारनाथ में आज सुबह तापमान माइनस 2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

सुहाना हुआ मौसम

बर्फबारी के बाद तापमान करीब दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से सुबह और शाम तेज ठंड महसूस की जा रही है। हालांकि दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना बना हुआ है। बर्फ से ढकी चोटियों पर पड़ रही धूप का नजारा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। बदरीनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालु प्राकृतिक सुंदरता को देखकर रोमांचित नजर आए। उत्तरकाशी के बड़कोट में भी मौसम खुशनुमा बना हुआ है। यहां मौसम अनुकूल रहने के साथ चटख धूप खिली है।

प्राकृतिक सुंदरता का आनंद उठा रहे श्रद्धालु

जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। मां यमुना के जयकारों के बीच श्रद्धालु पैदल मार्ग पर आते-जाते नजर आ रहे हैं। यात्रा से जुड़े लोगों के चेहरे भी खिले हुए हैं। श्रद्धालु खुशनुमा मौसम के बीच पहाड़ की प्राकृतिक सुंदरता का नजदीक से आनंद ले रहे हैं।

एमपी के मौसम का हाल

बीते 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के भोपाल, सीहोर और देवास में तेज बारिश हुई। प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। सितंबर के आखिरी सप्ताह से मानसून की विदाई शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 सितंबर तक राज्य में बारिश और आंधी का दौर जारी रहेगा।

यूपी में तेज हवाओ के बीच हुई बारिश

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश जारी है। कानपुर में करीब आधे घंटे तक 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कई पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए। इसके बाद भारी बारिश हुई। बरेली में भी धूलभरी आंधी चली। करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं से कई पेड़ उखड़ गए। बिहार में मौसम विभाग ने 13 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में बाढ़ से अब तक करीब 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *