Rewa-Bilaspur Express Looted: रीवा से दुर्ग आ रही छत्तीसगढ़ी एक्ट्रेस ज्योत्सना ताम्रकार से लूट की कोशिश की गई। विरोध करने पर लुटेरों ने उनके चेहरे पर मुक्का मार दिया। ज्योत्सना ताम्रकार ने बताया कि ट्रेन के आउटर में रुकते ही 12 से ज्यादा बदमाश अंदर घुसे। गेट बंद कर 20 से अधिक यात्रियों को निशाना बनाया। गेट बंद कर 20 से अधिक यात्रियों को भी निशाना बनाया।
Rewa-Bilaspur Express Looted News: रीवा से होकर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर तक चलने वाली रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस (Rewa-Bilaspur Express ) में कटनी स्टेशन के आस-पास 20 जून की रात लुटेरों ने खूब आतंक मचाया। रीवा से दुर्ग आ रही छत्तीसगढ़ी एक्ट्रेस ज्योत्सना ताम्रकार से लूट की कोशिश की गई। विरोध करने पर लुटेरों ने उनके चेहरे पर मुक्का मार दिया। ज्योत्सना ताम्रकार ने बताया कि ट्रेन के आउटर में रुकते ही 12 से ज्यादा बदमाश अंदर घुसे। गेट बंद कर 20 से अधिक यात्रियों को निशाना बनाया। उन्होंने इस घटना की शिकायत की, लेकिन RPF और GRP से कोई मदद नहीं मिली।
बचाव में बदमाश का हाथ पकड़ा तो मारा मुक्का
दुर्ग की रहने वाली ज्योत्सना, छत्तीसगढ़ी फिल्मों की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं और रायपुर में रहती हैं। 17 जून को वे पारिवारिक काम से रीवा अपनी मौसी के घर गई थीं। 19 जून की रात करीब 10 बजे वे रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में सवार हुईं। उन्हें स्लीपर कोच में साइड लोअर बर्थ मिली थी। रात करीब 2 बजे ट्रेन कटनी स्टेशन पहुंची। ज्योत्सना अपनी सीट पर मोबाइल देख रही थीं, उनका बैग सिरहाने रखा था। तभी खिड़की से लुटेरे आए और मोबाइल व बैग लूटने की कोशिश की। ज्योत्सना ने विरोध किया और एक बदमाश का हाथ कसकर पकड़ लिया। बदमाश ने उन्हें मुक्का मार दिया, जिससे उनकी आंख के नीचे चोटें आईं। उन्होंने तुरंत 139 पर शिकायत की, लेकिन कोई मदद नहीं मिली।
20 से ज्यादा यात्रियों से लूटपाट
ज्योत्सना ने बताया कि कटनी स्टेशन पर 20 से अधिक यात्रियों के साथ लूटपाट और चोरी हुई। रात के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर गैंग के सदस्यों ने अलग-अलग बोगियों में वारदात को अंजाम दिया। एसी कोच से लेकर स्लीपर कोच तक, कई यात्रियों का सामान चोरी हो गया।
ट्रेन में रेकी, गेट बंद कर वारदात को अंजाम
ज्योत्सना के अनुसार, लुटेरों ने स्टेशन पहुंचने से पहले ही गेट को बाहर से बंद कर दिया था ताकि यात्री हंगामा न कर सकें। उन्होंने पहले से यात्रियों के सामान को निशाना बनाया था। स्टेशन पहुंचते ही उन्होंने तेजी से लूटपाट शुरू कर दी।
ट्रेन में गायब रहे RPF और GRP के जवान
ज्योत्सना ने बताया कि ट्रेन में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। न तो RPF के जवान मौजूद थे और न ही GRP। जब उन्हें पता चला कि कई यात्रियों के साथ ऐसी घटनाएं हुईं, तो उन्होंने 139 पर कॉल कर शिकायत की। उन्हें बताया गया कि अगले स्टेशन पर सुरक्षा बल आएगा, लेकिन वहां भी कोई नहीं पहुंचा। बार-बार कॉल करने के बाद नरसिंहपुर स्टेशन पर जवान आए और उनका बयान दर्ज किया।
वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, तब पहुंचे अधिकारी
ज्योत्सना ने बताया कि वे बिलासपुर स्टेशन पहुंचीं, जहां करीब एक घंटे तक रेलवे अधिकारियों का इंतजार करती रहीं, लेकिन कोई नहीं आया। इसके बाद उन्होंने स्टेशन पर एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया और पीएम, रेलमंत्री व रेलवे अधिकारियों को टैग किया। तब जाकर GRP प्रभारी पहुंचे।
GRP प्रभारी ने किया गुमराह
ज्योत्सना ने बताया कि GRP प्रभारी ने उनसे पूछताछ की और कहा कि घटना कटनी GRP क्षेत्र में हुई है, इसलिए उन्हें वहां शिकायत दर्ज करानी होगी। यहां शिकायत ले ली जाएगी, लेकिन बयान दर्ज कराने और कोर्ट की पेशी के लिए उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ेंगे। यह सुनकर ज्योत्सना हैरान रह गईं। उन्होंने कहा कि रेलवे अधिकारी उन्हें भ्रमित करते रहे। अब वे रायपुर GRP में शिकायत दर्ज कराएंगी।
30-35 साल से हो रही घटनाएं, रेलवे बेखबर
ज्योत्सना ने कहा कि कटनी, शहडोल और आसपास के स्टेशनों पर इस तरह की घटनाएं पहली बार नहीं हुई हैं। ये उनकी दादी-नानी के समय से, यानी 30-35 साल से हो रही हैं। इतने सालों बाद भी रेलवे ट्रेनों में लूटपाट और चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा पाया है। GRP प्रभारी DN श्रीवास्तव से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।




